महंगाई की मार, लगातार 17वें दिन बढ़े पेट्रोल, डीजल के दाम, 23 जून को क्या है भाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 23, 2020, 12:48 PM IST

petrol, Diesel prices : पेट्रोल, डीजल के दाम में 7 जून से रोज बढ़ोतरी हो रही है। अब तक पेट्रोल में 8.50 रुपए और डीजल में 10.01 रुपए प्रति लीटर वृद्धि हो चुकी है।

महंगाई की मार, लगातार 17वें दिन बढ़े पेट्रोल, डीजल के दाम, 23 जून को क्या है भाव

Petrol, diesel prices Today, 23 June : पेट्रोल, डीजल के दाम में वृद्धि का सिलसिला मंगलवार को लगातार 17वें दिन भी जारी रहा। पेट्रोल का दाम मंगलवार को 20 पैसे और डीजल का दाम 55 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिया गया। इस दौरान कुल मिलाकर पेट्रोल का दाम 8.50 रुपए और डीजल का दाम 10.01 रुपए प्रति लीटर बढ़ चुका है।

तेल विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल का दाम 79.56 रुपये से बढ़कर 79.76 रुपये प्रति लीटर और डीजल का दाम 55 पैसे प्रति लीटर बढ़कर 79.40 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया।

तेल कंपनियां पूरे देश में समान रूप से दाम बढ़ातीं हैं लेकिन राज्यों में इन दोनों ईंधनों पर अलग-अलग दर से बिक्री कर अथवा मूल्य वर्धित कर (वैट) लगने से खुदरा दाम अलग-अलग होते हैं।

तेल कंपनियों ने 7 जून से पेट्रोल, डीजल के दाम में दैनिक संशोधन शुरू किया। उसके बाद से पिछले 17 दिन से इनके दाम लगातार बढ़ रह हैं। उससे पहले लगातार 82 दिन तक दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया। मूल्य वृद्धि शुरू होने के बाद डीजल के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुके हैं जबकि पेट्रोल के दाम पिछले दो साल की ऊंचाई पर हैं।

End of Article