विदेश जाने-आने के लिए करना होगा और इंतजार, 31 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सस्पेंड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 26, 2020, 12:52 PM IST

डीजीसीए ने शेड्यूल इंटरनेशनल कॉमर्शियल उड़ानों के निलंबन को आगे बढ़ा दिया है। पहले यह रोक 30 नवंबर, 2020 तक लगाई गई थी।

विदेश जाने-आने के लिए करना होगा और इंतजार, 31 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सस्पेंड
Photo Credit: BCCL

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 26 नवंबर को शेड्यूल इंटरनेशनल कॉमर्शियल फ्लाइट्स के निलंबन को 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। डीजीसीए ने कहा कि सीमित रूटों पर चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें डीजीसीए द्वारा दी गई विशिष्ट स्वीकृति के अनुसार चलती रहेंगी। इंडस्ट्री रेगुलेटर की अधिसूचना में कहा गया कि दिनांक 26-06-2020 के सर्कुलर में आंशिक संशोधन किया गया है। सक्षम प्राधिकारी ने उपरोक्त विषय पर जारी सर्कुलर की वैधता को आगे बढ़ाया है, जो शेड्यूल इंटरनेशनल कॉमर्शियल यात्री उड़ानों को भारत आने जाने के लिए 31दिसंबर, 2020 तक के लिए है।

डीजीसीए ने आगे उल्लेख किया कि निलंबन अंतरराष्ट्रीय ऑल-कार्गो संचालन और इसके द्वारा अनुमोदित उड़ानों को नहीं रोकेगा। डीजीसीए ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा चुनिंदा रूटों पर अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल उड़ानों की अनुमति दी जा सकती है। डीजीसीए ने 27 अक्टूबर को इंटरनेशनल कॉमर्शियल फ्लाइट्स के निलंबन को 30 नवंबर, 2020 तक बढ़ा दिया था।

25 मार्च के बाद से सभी इंटरनेशनल कॉमर्शियल फ्लाइट्स को निलंबित कर दिया गया था जब केंद्र सरकार ने कोरोनो वायरस महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन लगाया था। नियमित इंटरनेशनल कॉमर्शियल फ्लाइट्स के बजाय, सरकार ने कई देशों के साथ द्वीपक्षीय उड़ानें शुरू है जिसके तहत दोनों देशों की चुनिंदा एयरलाइनों को यात्रियों की आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने के लिए सीमित संख्या में उड़ानें संचालित करने की अनुमति है।

End of Article