बिजनेस

क्या ईरान-अमेरिका युद्ध और महंगाई के बीच FD निवेशकों की होगी चांदी, बढ़ेगी ब्याज दर?

बढ़ती महंगाई, कर्ज की मांग और छोटी बचत योजनाओं की आकर्षक ब्याज दरें इस बात का संकेत दे रही हैं कि आने वाले समय में बैंक चुनिंदा अवधि की FD पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकते हैं।

Image

क्या सच में बढ़ जाएगी एफडी की ब्याज दरें (AI Generated Image)

अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करते हैं या जल्द निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो यह आपके लिए अच्छी खबर हो सकती है। बढ़ती महंगाई और बदलते आर्थिक हालात को देखते हुए बैंक FD की ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकते हैं। हालांकि, यह फैसला भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति और बैंकों की फंडिंग जरूरतों पर निर्भर करेगा।

महंगाई बढ़ने से बढ़ी FD पर बेहतर रिटर्न की उम्मीद

फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों पर महंगाई का सीधा असर पड़ता है। जब महंगाई बढ़ती है, तो RBI अक्सर उसे नियंत्रित करने के लिए सख्त मौद्रिक नीति अपनाता है। ऐसे में बैंकों को भी अपनी जमा योजनाओं पर अधिक ब्याज देना पड़ सकता है। महंगाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून 2026 में खुदरा महंगाई (Retail Inflation) बढ़कर 4.38% पर पहुंच गई, जबकि जनवरी 2026 में यह 2.74% थी। यह आंकड़ा RBI के 4% के लक्ष्य से ऊपर है और धीरे-धीरे 6% की ऊपरी सीमा की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले महीनों में ब्याज दरों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

RBI की MPC बैठक पर टिकी हैं निवेशकों की नजर

RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक में रेपो रेट को लेकर लिया गया फैसला बैंकों की ब्याज दरों को प्रभावित करता है। फिलहाल उम्मीद है कि RBI तत्काल रेपो रेट में बढ़ोतरी नहीं करेगा, लेकिन अगर महंगाई लगातार बढ़ती रही और वैश्विक परिस्थितियां, जैसे ईरान-अमेरिका तनाव, महंगाई पर दबाव बनाए रखते हैं, तो भविष्य में रेपो रेट बढ़ाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो बैंक भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए FD की ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकते हैं।

RBI के फैसले के बाद कब बढ़ सकती हैं FD की दरें?

RBI की मौद्रिक नीति में बदलाव के बाद बैंक आमतौर पर कुछ दिनों से लेकर 4 से 6 सप्ताह के भीतर अपनी FD ब्याज दरों की समीक्षा करते हैं। हालांकि, यह समय हर बैंक के लिए अलग-अलग हो सकता है। निजी क्षेत्र (Private Sector) और स्मॉल फाइनेंस बैंक अक्सर जमा जुटाने की जरूरत होने पर जल्दी ब्याज दरें बढ़ा देते हैं। वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र (Public Sector) के बड़े बैंक, जिनके पास पहले से पर्याप्त लिक्विडिटी होती है, वे ब्याज दरों में बदलाव करने में थोड़ा अधिक समय ले सकते हैं।

पहले किन FD पर बढ़ सकती हैं ब्याज दरें?

बैंक आमतौर पर सबसे पहले शॉर्ट टर्म और मीडियम टर्म FD की ब्याज दरों में बदलाव करते हैं। लंबी अवधि (Long-Term) की FD पर ब्याज दरें बढ़ाने में वे सावधानी बरतते हैं। इसका कारण यह है कि अगर बैंक को लगता है कि महंगाई अस्थायी है, तो वह लंबे समय के लिए ऊंची ब्याज दर पर पैसा लॉक नहीं करना चाहता।

निवेशकों को क्या करना चाहिए?

अगर आप FD में निवेश करना चाहते हैं तो फिलहाल बाजार और RBI के फैसले पर नजर रखना समझदारी होगी। अगर आपको लगता है कि आने वाले समय में ब्याज दरें बढ़ सकती हैं, तो अपनी पूरी राशि एक साथ निवेश करने के बजाय अलग-अलग अवधि में FD कराने की रणनीति अपना सकते हैं। इससे भविष्य में बढ़ी हुई ब्याज दरों का भी लाभ मिल सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article