Amrapali Residential Project: NBCC ने करीब 25,000 फ्लैट का निर्माण पूरा कर लिया है और बकाया भुगतान न कर पाने वाले घर खरीदारों के 6,686 फ्लैट को बेचकर अब तक 3,177 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में यह जानकारी दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने NBCC को आम्रपाली ग्रुप की अटकी हुई आवासीय परियोजनाओं को पूरा करने का काम सौंपा था।
इस मामले में 'कोर्ट रिसीवर' नियुक्त किए गए अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ के समक्ष पेश लेटेस्ट स्थिति रिपोर्ट में यह जानकारी दी। अगस्त 2021 में कर्ज न चुका पाए घर खरीदारों को उचित अवसर देने के बाद NBCC को अब तक न बिक पाए फ्लैट बेचने की अनुमति दी गई थी।
वेंकटरमणी ने कहा कि ‘कोर्ट रिसीवर’ 4,959 बिना बिके फ्लैट NBCC को बिक्री के लिए जारी कर चुका है। इनमें से 4,733 इकाइयां बेची जा चुकी हैं जिनका कुल बिक्री मूल्य 2,617 करोड़ रुपये है। इनमें से 15 जनवरी 2025 तक 2,165 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
वेंकटरमणी ने कहा कि ‘डिफॉल्टर’ और ‘पंजीकृत लेकिन भुगतान नहीं करने वाली’ कैटेगरी की 1,953 इकाइयों को भी बिक्री के लिए NBCC को जारी कर दिया गया है। इन इकाइयों को कुल 1,244 करोड़ रुपये के बिक्री मूल्य पर बेचा गया। इन दोनों श्रेणियों को मिलाकर एनबीसीसी ने कुल 6,686 फ्लैट बेच दिए हैं जिनका कुल बिक्री मूल्य 3,861 करोड़ रुपये है। इनमें से कुल 3,177 करोड़ रुपये का भुगतान मिल चुका है।
अटॉर्नी जनरल ने कहा कि NBCC ने 2020 से दिसंबर, 2024 तक कुल 25,000 फ्लैटों का निर्माण पूरा कर लिया। ये फ्लैट आम्रपाली ग्रुप की नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्रों में स्थित विभिन्न परियोजनाओं में शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कई वर्षों तक फ्लैटों का निर्माण अटके रहने के बाद सरकारी निर्माण कंपनी NBCC को इनका निर्माण पूरा करने का दायित्व सौंपा था। इस प्रक्रिया पर निगरानी के लिए कोर्ट रिसीवर की नियुक्ति भी की गई थी।
