Share Market Investors: अगर आप शेयर या म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं, तो 31 मार्च तक आपके पास टैक्स बचाने का शानदार मौका है। सवाल है-कैसे? अगर आपके पोर्टफोलियो में कुछ शेयर या इक्विटी म्यूचुअल फंड घाटे में हैं, जबकि बाकी निवेश मुनाफा दे रहे हैं। ऐसे में आप ‘टैक्स लॉस हार्वेस्टिंग’ रणनीति अपना सकते हैं। इसके तहत आप उन लिस्टेड इक्विटी शेयरों और इक्विटी-ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड को बेचते हैं, जिनमें नुकसान हो रहा है। इससे होने वाला लॉस, आपके दूसरे निवेशों से हुए कैपिटल गेन को घटा देता है, जिससे आपका कुल टैक्स बोझ कम हो जाता है। यानी सही प्लानिंग के साथ आप वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अच्छी-खासी टैक्स बचत कर सकते हैं।
अगर पूरा पोर्टफोलियो ही लाल में हैं तो क्या करें?
अगर आपके पोर्टफोलियो में मौजूद सभी इक्विटी म्यूचुअल फंड और लिस्टेड इक्विटी शेयर घाटे में चल रहे हैं, तो 'टैक्स-लॉस हार्वेस्टिंग' का तरीका आपको AY 2026-27 के लिए टैक्स बचाने में मदद नहीं करेगा। ऐसी स्थिति में, आपको 'कैरी-फॉरवर्ड और सेट-ऑफ' के नियम का इस्तेमाल करना होगा। इसके तहत, आप 31 मार्च तक घाटे वाले इक्विटी म्यूचुअल फंड और शेयरों को बेचकर उस घाटे को दर्ज कर सकते हैं, और भविष्य में टैक्स में छूट पाने के लिए उसे आगे ले जा सकते हैं।
टैक्स लॉस और टैक्स गेन हार्वेस्टिंग का तरीका क्या है?
जब टैक्स गेन हार्वेस्टिंग की बात आती है, तो आप टैक्स में 15,625 रुपये तक बचा सकते हैं, क्योंकि 1.25 लाख रुपये तक का LTCG (लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन) टैक्स से छूट प्राप्त है और LTCG की दर 12.5% है। इसलिए, 1.25 लाख रुपये * 12.5% = 15,625 रुपये। टैक्स लॉस हार्वेस्टिंग का मतलब है अपने पोर्टफोलियो की समीक्षा करना और उन पहचाने गए निवेशों को बेचना, जो अभी घाटे में चल रहे हैं, ताकि उस वित्तीय वर्ष के दौरान हुए कैपिटल गेन को ऑफसेट किया जा सके। निवेशक शेयरों को बेचकर अपने नुकसान को बुक कर सकते हैं और फिर उन्हें या अपनी पसंद के किसी दूसरे स्टॉक को दोबारा खरीद सकते हैं।
