बिजनेस

Stock Market Today: झटके से उबरा अडानी ग्रुप, सभी कंपनियों के शेयर चढ़े, सेंसेक्स उछलकर 79000 के पार, निफ्टी में भी तेजी

Stock Market Today: अमेरिका में गौतम अडानी तथा अन्य पर कथित रूप से रिश्वत देने के मामले की वजह से गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार धड़ाम हो गया था लेकिन शुक्रवार को बाजार बंद होने तक अडानी ग्रुप के सभी शेयर तेजी के साथ बंद हुए।

Image

शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स निफ्टी में उछाल

Stock Market Today: स्थानीय शेयर बाजार में शुक्रवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 1,961.32 अंक उछलकर 79,000 के स्तर को फिर से हासिल कर लिया। गिरावट के बाद निचले स्तर पर चौतरफा लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। घरेलू संस्थागत निवेशकों की मजबूत लिवाली और अमेरिकी बाजार में मजबूत रुख से भी बाजार में तेजी रही। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,961.32 अंक यानी 2.54 प्रतिशत उछलकर 79,117.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,062.4 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 557.35 अंक यानी 2.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,907.25 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर फायदे में रहे। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 1,536.8 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 374.55 अंक की तेजी रही।

Stock Market Today News: बाजार में चौतरफा लिवाली

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बड़ी कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में बाजार में चौतरफा लिवाली देखने को मिली। इसका कारण उनका मूल्यांकन कुछ आकर्षक हुआ है। साथ ही वर्ष की दूसरी छमाही में उनका वित्तीय परिणाम बेहतर रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जापान में अक्टूबर महीने में महंगाई दर में गिरावट और 39,000 अरब येन के प्रोत्साहन पैकेज से वैश्विक बाजारों में तेजी रही, जिसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर रहा। वैश्विक और घरेलू स्तर पर राजनीतिक स्तर पर स्थिति कुछ नरम होने घरेलू बाजार में राहत रही।

Stock Market Today News: इन कंपनियों शेयरों में उछाल

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन, आईटीसी, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से लाभ में रहे। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेलज लि. के प्रमुख (शोध और संपत्ति प्रबंधन) सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि रिलायंस समेत प्रमुख कंपनियों के शेयरों में निचले स्तर पर लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटी और प्रौद्योगिकी शेयरों में तेज लिवाली देखने को मिली।

Stock Market Today News: अडानी ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयर चढ़े

अडानी ग्रुप की सूचीबद्ध कंपनियों में से ज्यादातर लाभ में रहे। अमेरिका में गौतम अडानी तथा अन्य पर कथित रूप से रिश्वत देने के मामले में शामिल होने के आरोप के बाद समूह की कंपनियों के शेयरों में गुरुवार को बड़ी गिरावट आई थी। बीएसई में अंबुजा सीमेंट में 3.50 प्रतिशत, एसीसी 3.17 प्रतिशत, अडानी एंटरप्राइजेज 2.16 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स में 2.05 प्रतिशत, अडानी टोटल गैस 1.18 प्रतिशत और एनडीटीवी में 0.65 प्रतिशत की तेजी रही।

मझोली कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई मिडकैप सूचकांक 1.26 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 0.90 प्रतिशत की तेजी रही। शेयर बाजार के आंकड़े के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 5,320.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,200.16 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहे जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.19 प्रतिशत चढ़कर 74.37 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर रहा। बीएसई सेंसेक्स गुरुवार को 422.59 अंक और एनएसई निफ्टी 168.60 नुकसान में रहे थे। (इनपुट भाषा)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article