बिजनेस

अडानी ग्रुप ने दर्ज की रिकॉर्ड EBITDA: 12 महीनों में 90572 करोड़ रुपये की टैक्स पूर्व आय

Adani Group EBITDA: अडानी समूह ने जून तक पिछले 12 महीनों में 90,572 करोड़ रुपये की अब तक की सर्वाधिक कर पूर्व आय (EBITDA) दर्ज की है। समूह ने कहा कि यह बढ़त प्रमुख बुनियादी ढांचा, स्वच्छ ऊर्जा व्यवसायों और तेजी से बढ़ते हवाई अड्डा खंड के मजबूत प्रदर्शन के कारण संभव हुई है।

Image

अडानी ग्रुप के मुनाफा में तगड़ा इजाफा (तस्वीर-X)

Photo : Twitter

Adani Group EBITDA: अडानी समूह ने वित्तीय वर्ष जुलाई 2024 से जून 2025 की अवधि में 90,572 करोड़ रुपये की अब तक की सर्वाधिक कर पूर्व आय (EBITDA) दर्ज की है। यह आंकड़ा पिछले 12 महीनों (जून 2024 तक) में दर्ज 85,502 करोड़ रुपये की तुलना में अधिक है। समूह ने बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान में बताया कि इस उपलब्धि में मुख्य योगदान बुनियादी ढांचा, स्वच्छ ऊर्जा और उभरते हवाई अड्डा खंड का रहा है।

अप्रैल-जून तिमाही में 23,793 करोड़ रुपये की कमाई

अप्रैल-जून 2025 की तिमाही में अडानी समूह की कर पूर्व आय 23,793 करोड़ रुपये रही, जो कि किसी एक तिमाही के लिए अब तक की सर्वाधिक है। इस तिमाही की कमाई में 87 प्रतिशत योगदान अडानी एंटरप्राइजेज के अंतर्गत आने वाले यूटिलिटी, परिवहन और ‘इन्क्यूबेटिंग इन्फ्रा’ जैसे प्रमुख बुनियादी ढांचा क्षेत्रों का रहा।

पहली बार 90,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचा EBITDA

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक बयान में बताया गया कि अडानी समूह की EBITDA पहली बार 12 महीने के आधार पर 90,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। यह समूह की संचालन दक्षता और विविध कारोबारी पोर्टफोलियो की स्थिरता को दर्शाता है।

पूंजीगत व्यय को मिलेगा मजबूत समर्थन

समूह ने कहा कि कर पूर्व आय में हो रही लगातार वृद्धि से 1.5 से 1.6 लाख करोड़ रुपये के नियोजित वार्षिक पूंजीगत व्यय को मजबूती मिलेगी। अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड, और अडानी सीमेंट्स (अंबुजा) जैसे उपक्रम लगातार दोहरे अंकों में ईबीआईटीडीए वृद्धि दर्ज कर रहे हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article