बिहार

Patna News: दो बच्चों की मां का सैलून वाले पर आया दिल, लिव-इन में पकड़ी गई तो सुनाई ये कहानी

Patna News: मूल रूप से किशनगंज की दो बच्चों की मां पटना में सैलून चलाने वाले सन्नी के साथ चार दिन तक लिव-इन में रही। इंस्टाग्राम रील्स से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने कथित तौर पर मंदिर में शादी भी कर ली थी। परिजनों ने लोकेशन पता कर पटना में गांधी मैदान के पास दोनों को पुलिस की मदद से पकड़ लिया।

Image

घर से भागकर पटना पहुंची दो बच्चों की मां को पुलिस ने पकड़ा (AI Image)

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में एक शादीशुदा महिला और एक युवक का साथ रहना अचानक उस समय सुर्खियों में आ गया, जब महिला के पति ने पुलिस की मदद से दोनों को गांधी मैदान के पास पकड़ लिया। दरअसल किशनगंज की रहने वाली 26 साल की ममता की शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे भी हैं। वहीं पटना में सैलून चलाने वाला युवक सन्नी खाली समय में इंस्टाग्राम पर रील्स बनाता है। सोशल मीडिया के जरिए ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं।

सन्नी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी दो साल पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ भाग गई थी, जिसके बाद वह अकेला ही रह रहा था। अकेलापन दूर करने के लिए वह सैलून का काम करने के साथ ही रील्स भी बनाता था। करीब चार महीने पहले ममता ने उसके वीडियो लाइक करने शुरू किए और फिर उसने सन्नी से उसका फोन नंबर मांग लिया। दोनों के बीज बातचीत व नजदीकियां बढ़ती गई और ममता ने अपने वैवाहिक जीवन की परेशानियां भी उसे बताईं। दोनों के बीच फोन पर रोज बातचीत होने लगी और दोनों एक-दूसरे के करीब आते गए। धीरे-धीरे बात शादी तक भी पहुंच गई और ममता ने किशनगंज छोड़कर शहर में रहने की इच्छा जताते हुए शादी के लिए हामी भर दी।

फिर 3 दिसंबर का दिन आया, जब ममता घर से काम का बहाना बनाकर निकली और अगले दिन पटना पहुंच गई। सन्नी उसे स्टेशन से लेकर अपने कमरे में ले आया, जहां वे चार दिनों तक साथ रहे। सन्नी का कहना है कि इसी बीच दोनों ने मंदिर में शादी भी कर ली और पति-पत्नी की तरह रहने लगे। मामले में मोड़ तब आया, जब ममता के मामा का फोन बार-बार आने लगा और पता चला कि उसके पति ने किशनगंज में ममता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मामा और परिवारवालों ने सोशल मीडिया के जरिए ममता के पटना में होने की पुष्टि की। इसके बावजूद दोनों पकड़ में नहीं आ रहे थे। बाद में मामा ने कोर्ट मैरिज का झांसा देकर दोनों को गांधी मैदान बुलाया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।

ममता ने भी स्वीकार किया कि वह सन्नी के वीडियो देखकर उसे पसंद करने लगी थी और दो महीने पहले नंबर साझा किए थे। हालांकि, ममता ने आरोप लगाया है कि सन्नी ने उस पर जादू-टोना कर दिया था, यही नहीं ममता का कहना है कि सन्नी ने उसे बताया था कि वह सिंगल है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article