बिहार

Begusarai Murder: बेखौफ अपराधियों का आतंक! जदयू नेता की घर में घुसकर हत्या, सोते हुए बरसाईं गोलियां

Begusarai Murder News: बेगूसराय में अज्ञात अपराधियों ने जेदयू नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन बाइक सवार अपराधियों ने घर में घुसकर जेडीयू नेता निलेश कुमार पर सोते हुए ही गोलियां बरसा दीं। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Image

बेगूसराय में जदयू नेता की हत्या

JDU Leader Murder: बिहार के बेगूसराय जिले के छौड़ाही थाना क्षेत्र के बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर सोए हुए निलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष थे। घटना के कारणों की सही जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया इसे पुराना विवाद बताकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है, जो बारीकी से सबूत जुटा रही है।

तीन बाइक सवार बदमाशों ने की हत्या

बताया जाता है कि मंगलवार की रात छौड़ाही थाना अंतर्गत पीर नगर गांव निवासी निलेश कुमार घर में सोए हुए थे, तभी तीन बाइक पर सवार होकर आए छह से सात अपराधियों ने बिना कुछ बोले सोए अवस्था में ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। नीलेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर, गोली की आवाज सुनकर गांव और घर के लोग जब घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, तब तक अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। मृतक के परिजनों के मुताबिक, नीलेश रोज घर के पास ही बथान (पालतू पशुओं के रहने की जगह) में सोते थे। घटना के समय आसपास कोई विवाद नहीं था।

संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों से पुराने जमीन विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मामला भी दर्ज हुआ था। इस बीच, पुलिस ने दावा किया है कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, घटना को लेकर कई तरह की चर्चा भी है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article