'BJP को जिताने के लिए चुनाव लड़ रहे हो?' दिग्विजय सिंह के ऑडियो क्लिप से मची सियासी खलबली 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 29, 2020, 01:33 PM IST

क्लिप के मुताबिक दिग्विजय सिंह यह कहते हुए पाए गए हैं कि मिर्जा यदि अपना नामांकन वापस ले लेते हैं तो पार्टी उनका ख्याल रखेगी और पार्षद का चुनाव जिताने में उनकी मदद करेगी।

भोपाल : मध्य प्रदेश में उप चुनावों को लेकर सियासत पहले से गरमाई हुई है, इसी बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक कथित ऑडियो क्लिप से बवाल खड़ा हो गया है। दरअसल, दिग्विजय सिंह की एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई है जिसमें वह समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार रोशन मिर्जा से अपना नामांकन वापस लेने की बात कहते सुने जा सकते हैं। क्लिप के मुताबिक सिंह यह कहते हुए पाए गए हैं कि मिर्जा यदि अपना नामांकन वापस ले लेते हैं तो पार्टी उनका ख्याल रखेगी और पार्षद का चुनाव जिताने में उनकी मदद करेगी। यह ऑडियो क्लिप वायरल हो जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिंह पर हमलावर हुई है जबकि कांग्रेस ने अपने नेता का बचाव किया है। मिर्जा ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से सपा के प्रत्याशी हैं।

ग्वालियर से सपा के उम्मीदवार हैं रोशन मिर्जा
सपा उम्मीदवार मिर्जा का कहना है कि दिग्विजय सिंह ने मुझे बुलाया था और उप चुनाव से नामांकन वापस लेने के लिए कहा। मर्जा ने कहा, 'दिग्विजय सिंह ने मुझसे पार्षदी का टिकट देने की बात कही। मैंने उनसे कहा कि मैं अपना नामांकन वापस नहीं लूंगा और चुनाव लड़ूंगा।' इस ऑडियो क्लिप पर सिंह पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता लोकेंद्र मिश्रा ने कहा कि चुनाव के अंतिम चरण में दिग्विजय सिंह का असली चेहरा सामने आ गया है। वह लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं। उन्होंने एक बार कहा था कि चुनाव मैनेजमेंट से जीते जाते हैं। 

सीएम चौहान ने सिंह पर हमला बोला
वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता पर हमला बोलते हुए कहा, 'जिस तरह के आरोप वे हम पर लगाते रहे हैं, वे आरोप अब खुद उन्हीं पर साबित हो रहे हैं। ऑडियो क्लिप से जाहिर है कि पैसे की पेशकश की जा रही है। स्पष्ट है कि खरीद-फरोख्त की राजनीति में कौन शामिल है।' मध्य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर उप चुनाव हो रहे हैं। इन सीटों पर तीन नवंबर को मतदान होगा। 
 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!