MP By election Result UPDATES: सुरक्षित हुई शिवराज सरकार, कमलनाथ ने मानी हार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 10, 2020, 06:01 PM IST

मध्य प्रदेश उपचुनाव 2020 (MP By-election Result today:गत मार्च में सिंधिया गुट के 22 विधायकों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद ये सीटें रिक्त हो गई थीं।

MP By election Result UPDATES: सुरक्षित हुई शिवराज सरकार, कमलनाथ ने मानी हार

भोपाल : मध्य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अब तक 14 सीटें जीत चुकी है। बहुजन समाज पार्टी के खाते में मुरैना की सीट जी सकती है। कुछ सीटों पर मतगणना अभी भी जारी है। भोपाल के पार्टी कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव में जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस को उप चुनाव में झटका लगा है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य के लोगों ने एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताया है। अभी तक के जानकारी के हिसाब से भाजपा 14 सीटें जीत चुकी है और सात सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस के खाते में पांच सीटें गई हैं और वह एक सीट पर आगे चल रही है जबकि बसपा के एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

बता दें कि गत मार्च में सिंधिया गुट के 22 विधायकों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद ये सीटें रिक्त हो गई थीं। उपचुनाव में भाजपा को बढ़त मिलने पर राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर निशाना साधा। मिश्रा ने कहा, 'उप चुनाव में भाजपा के लिए खोने के लिए कुछ भी नहीं है। हमें फायदा होने जा रहा है। मैंने दिग्विजय सिंह का बयान सुना है। वह यदि ईवीएम पर सवाल उठा रहरे हैं तो यह मान लीजिए कि भाजपा जीत रही है। हम बहुमत हासिल कर रहे हैं और कांग्रेस के दोनों नेता दिग्विजय सिंह और कमलनाथ अब दिल्ली जाएंगे।'   

MP upchunav result (मध्य प्रदेश उपचुनाव रिजल्ट)

रुझानों से भाजपा खेमे में खुशी

एमपी के उप चुनावों के नतीजे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नजर बनी हुई है। भाजपा के पक्ष में रुझान आने पर चौहान ने भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ मुंह मीठा किया। एमपी में विधानभा की 28 सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। भाजपा 14 सीटें जीत चुकी है। कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं और एक सीट पर आगे चल रही है। वहीं बसपा एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटें हैं। भाजपा के पास अभी 107 विधायक और कांग्रेस के पास 87 विधायक हैं। 

MP Bypoll

ग्वालियर पूर्वी सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महेश बघेल, भाजपा उम्मीदवार मुन्नालाल गोयल और कांग्रेस के डॉक्टर सतीश सीकरवार के बीच चुनावी लड़ाई है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!