ऑटो न्यूज़

त्योहारी सीजन में खूब बिकी गाड़ियां, नवंबर 2023 में टूटा व्हीकल सेल्स का रिकॉर्ड

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Dec 12, 2023, 08:32 PM IST

त्योहारी सीजन में वाहनों की खूब बिक्री हुई है जिसके बाद नवंबर 2023 में अब तक के सारे रिकॉर्ड्स टूट गए हैं। पिछले महीने कुल 3,34,130 वाहन बिके जो लगभग 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाते हैं।

Image

पिछले महीने कुल 3,34,130 वाहन बिके जो लगभग 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाते हैं।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नवंबर 2023 में टूटे बिक्री के रिकॉर्ड
  • त्योहारी सीजन में जोरदार रही डिमांड
  • पिछले महीने 3,34,130 वाहन बिके

Vehicle Sales In November 2023: यूटिलिटी वाहनों की मजबूत मांग के दम पर नवंबर में घरेलू यात्री वाहन थोक बिक्री में सालाना आधार पर चार प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कंपनियों से डीलरों को यात्री वाहनों की आपूर्ति नवंबर में बढ़कर 3,34,130 इकाई हो गई। यह नवंबर महीने का अब तक का सबसे अच्छा आंकड़ा है। पिछले साल इसी महीने में 3,22,268 इकाइयों की आपूर्ति की गई थी। दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 31 प्रतिशत बढ़कर 16,23,399 इकाई हो गई, जो नवंबर 2022 में 12,36,282 इकाई थी।

जोरदार फेस्टिव डिमांड

इसी तरह तिपहिया वाहनों की आपूर्ति भी पिछले महीने 31 प्रतिशत बढ़कर 59,738 इकाई हो गई, जो पिछले साल नवंबर में 45,664 इकाई थी। वाहन बनाने वाली कंपनियों के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा, ‘‘नवंबर के पहले पखवाड़े में समाप्त त्योहारी सीजन में मोटर वाहन उद्योग के सभी खंडों में मजबूत वृद्धि देखी गई।’’ उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक वृद्धि के समर्थन से मोटर वाहन उद्योग वर्ष 2023 को उच्च स्तर पर समाप्त करने के लिए आशावादी है और उम्मीद करता है कि यह प्रवृत्ति 2024 तक जारी रहेगी।

खूब बिके दो पहिया वाहन

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि यात्री वाहन खंड में नवंबर 2023 में सालाना आधार पर 3.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3.34 लाख इकाइयों की आपूर्ति की गई। यह अब तक की सबसे अधिक थोक बिक्री है। उन्होंने कहा कि नवंबर में तिपहिया वाहनों की आपूर्ति नवंबर 2017 के अभी तक के उच्चतम स्तर से मामूली रूप से कम रही। इसी तरह पिछले महीने दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी नवंबर 2018 के उच्चतम स्तर से मामूली कम थी।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article