Hyundai ने 2026 Gaikindo Indonesia International Auto Show (GIIAS) में अपनी नई इलेक्ट्रिक MPV Hyundai Neira के प्रोटोटाइप से पर्दा उठा दिया है। यह मॉडल इंडोनेशिया के लिए कंपनी की पहली डेडिकेटेड इलेक्ट्रिक MPV की झलक पेश करता है। उम्मीद की जा रही है कि इसका प्रोडक्शन वर्जन इसी साल के अंत तक लॉन्च कर दिया जाएगा।
इंडोनेशिया में होगा प्रोडक्शन
Hyundai ने पुष्टि की है कि Neira का निर्माण इंडोनेशिया में किया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, प्रोडक्शन मॉडल में 60 प्रतिशत से अधिक लोकल कंटेंट का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें बैटरी भी स्थानीय स्तर पर तैयार की जाएगी, जिससे लागत कम रखने और स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके तकनीकी स्पेसिफिकेशन का खुलासा नहीं किया है।
SUV जैसा दमदार डिजाइन
Hyundai Neira का प्रोटोटाइप लगभग प्रोडक्शन-रेडी मॉडल जैसा दिखाई देता है। इसके फ्रंट में Hyundai की सिग्नेचर फुल-विड्थ LED लाइट बार, स्लिम LED DRLs और वर्टिकल हेडलैंप दिए गए हैं। इसके अलावा क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, सिल्वर बंपर इंसर्ट और सीधी बॉडी डिजाइन इसे पारंपरिक MPV की बजाय SUV जैसा आकर्षक लुक देते हैं। साइड प्रोफाइल में लंबी रूफलाइन और बड़े विंडो दिए गए हैं, जिससे केबिन में अधिक स्पेस मिलने की उम्मीद है। वहीं ब्लैक बॉडी क्लैडिंग, सिल्वर रूफ रेल्स और ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स इसकी प्रीमियम अपील को और बढ़ाते हैं। Hyundai ने इसमें Hankook iON Evo AS टायर्स लगाए हैं, जिन्हें खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए डिजाइन किया गया है
बैटरी और रेंज कैसी हो सकती है?
Hyundai ने अभी Neira की बैटरी और मोटर से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि माना जा रहा है कि इसमें Kia Carens Clavis EV वाला इलेक्ट्रिक पावरट्रेन इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो Neira में 42 kWh और 51.4 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिल सकते हैं। बड़ी बैटरी के साथ यह इलेक्ट्रिक MPV 490 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज देने में सक्षम हो सकती है, जबकि छोटी बैटरी के साथ 404 किलोमीटर तक की रेंज मिलने की संभावना है।
क्या भारत में होगी लॉन्च?
फिलहाल Hyundai ने Neira को भारत में लॉन्च करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अभी यह इलेक्ट्रिक MPV मुख्य रूप से इंडोनेशियाई बाजार के लिए डेवलप की जा रही है। हालांकि, अगर यह Kia Carens Clavis EV के प्लेटफॉर्म पर आधारित होती है और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है तो भविष्य में Hyundai इसे दूसरे देशों में भी पेश कर सकती है।
