ऑटो न्यूज़

Tata Avinya Electric SUV की पहली झलक आई सामने, जानिए कैसा होगा लुक और डिजाइन

टाटा अपने ग्राहकों के लिए 2027 में अपनी सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी Tata Avinya को लॉन्च करने जा रही है। इसी कड़ी में इस एसयूवी को पहली बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।

Image

Tata Avinya Electric SUV टेस्टिंग के दौरान पहली बार आई नजर

टाटा मोटर्स (Tata Motors) भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बाजार में अपनी पकड़ लगातार मजबूत कर रही है। कंपनी अब अपनी सबसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी Tata Avinya को लॉन्च करने की तैयारी में है। हाल ही में इस कंपनी की इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक एसयूवी को भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि कंपनी इसकी लॉन्चिंग की दिशा में तेजी से काम कर रही है। यह मॉडल साल 2027 में बाजार में दस्तक देने जा रहा है।

पहली बार टेस्टिंग के दौरान आई नजर

टेस्टिंग के दौरान देखी गई Tata Avinya पूरी तरह से कैमोफ्लाज (ढकी हुई) थी, इसलिए इसके डिजाइन की सभी जानकारी सामने नहीं आई है।

कैसा होगा डिजाइन

भले ही टेस्टिंग के दौरान Avinya को पूरी तरह ढका गया था, लेकिन इसके डिजाइन में पिछले कुछ वर्षों में पेश किए गए Avinya कॉन्सेप्ट मॉडल की कई झलकियां दिखाई देती हैं। स्पाई तस्वीरों के अनुसार, इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में लंबा व्हीलबेस, छोटे ओवरहैंग्स और कूपे-स्टाइल रूफलाइन देखने को मिल सकती है, जिससे इसका डिजाइन टाटा की मौजूदा इलेक्ट्रिक कारों से काफी अलग नजर आएगा।

इसके फ्रंट में फुल-विड्थ LED लाइट बार मिलने की उम्मीद है, जबकि वर्टिकली पोजिशन हेडलैंप बंपर के निचले हिस्से में लगाए जा सकते हैं। इसके अलावा स्पाई तस्वीरों में फ्लश डोर हैंडल और बड़े अलॉय व्हील्स भी दिखाई दिए हैं, जिन्हें बेहतर एयरोडायनामिक एफिशिएंसी के लिए डिजाइन किया गया है। ये सभी फैक्चर Avinya को अधिक प्रीमियम और भविष्य की डिजाइन लैंग्वेज वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी बना सकते हैं।

Tata Avinya में कैसी बैटरी मिलेगी

टाटा मोटर्स पहले ही साफ कर चुकी है कि Avinya को पहले प्रस्तावित Jaguar Land Rover (JLR) के EMA प्लेटफॉर्म पर नहीं बनाया जाएगा। इसके बजाय, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी Freelander आर्किटेक्चर पर आधारित होगी, जिसे JLR और Chery मिलकर भविष्य की प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों के लिए विकसित कर रहे हैं। कंपनी ने अभी तक Avinya की बैटरी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 800-वोल्ट इलेक्ट्रिकल सिस्टम और 80 से 90 kWh क्षमता का बैटरी पैक दिया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह सेटअप मौजूदा भारतीय इलेक्ट्रिक कारों की तुलना में फास्ट चार्जिंग और बेहतर ऊर्जा दक्षता (Efficiency) प्रदान कर सकता है।

फीचर्स होंगे बेहद प्रीमियम

Tata Avinya को कंपनी की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी के रूप में पेश किया जाएगा। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और प्रीमियम इंटीरियर जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा केबिन में मिनिमलिस्ट डिजाइन और हाई-टेक अनुभव देखने को मिल सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article