New Royal Enfield Himalayan 452: रॉयल एनफील्ड ने ईआईसीएमए 2023 में ही नई जनरेशन हिमालयन 452 से पर्दा हटाया है और 24 नवंबर को कंपनी इसकी कीमत का ऐलान करेगी। रॉयल एनफील्ड ने इस मोटरसाइकिल के लिए प्री-बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है। 2023 रॉयल एनफील्ड राइडर मेनिया में इस नई बाइक की कीमत उजागर कर दी जाएगी। मौजूदा हिमालयन 411 के मुकाबले रॉयल एनफील्ड ने नई हिमालयन 452 को पूरी तरह बदल कर रख दिया है। कंपनी ने यहां नई बाइक पेश करने के साथ इसी मोटरसाइकिल पर आधारित पहले रॉयल एनफील्ड इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट से भी पर्दा हटाया है।
कब से शुरू होगी बिक्री
रॉयल एनफील्ड संभवतः अप्रैल 2024 से नई जनरेशन हिमालयन की बिक्री ग्लोबल मार्केट में शुरू करने वाली है। नए ट्विन स्पार प्लेटफॉर्म पर बनी इस बाइक को एलईडी हेडलैंप के साथ एलईडी डीआरएल, फ्यूल टैंक गार्ड, लगेज के लिए जैरी केन, 5 रंगों के विकल्प, 4-इंच टीएफटी डिजिटल कंसोल, स्मार्टफोल कनेक्टिविटी और गूगल मैप पर आधारित नेविगेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा कॉल और एसएमएस अलर्ट, मल्टिपल डिस्प्ले कस्टमाइजेशन जैसे कई अन्य फीचर्स भी मिले हैं।
कितनी दमदार है बाइक
नई रॉयल एनफील्ड हिमालयन 452 के साथ बिल्कुल नया 452 सीसी का सिंगल-सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। ये दमदार इंजन 8000 आरपीएम पर 39.4 बीएचपी ताकत और 5500 आरपीएम पर 40 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। इस इंजन के साथ कंपनी ने 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया है जो स्लिप और असिस्ट क्लच से लैस है। अगले हिस्से में यूएसडी फोर्क्स और पिछले हिस्से में मोनोशॉक सस्पेंशन के साथ इस बाइक को अगले और पिछले हिस्से में डिस्क ब्रेक्स मिले हैं। डुअल चैनल एबीएस भी यहां मिला है जिसे ऑफरोडिंग के समय बंद किया जा सकता है।
