ऑटो न्यूज़

जुलाई में पहली बार EV की बिक्री 3.27 लाख यूनिट के पार, जून का भी टूट गया रिकॉर्ड

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में जुलाई में 66 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। यानी अब भारत में बिकने वाला लगभग हर आठवां वाहन इलेक्ट्रिक है।

Image

भारत में तेजी से बढ़ रही इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री (AI Generated Image)

EV Retail Sales July: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (Electric Vehicles) की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों, बेहतर तकनीक और सरकार की ओर से ईवी को बढ़ावा देने वाली नीतियों के चलते अधिक से अधिक लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं। इसका असर अब बिक्री के आंकड़ों में भी साफ दिखाई दे रहा है।

न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) के अनुसार, फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) द्वारा जारी किए गए आंकड़े बताते हैं कि बीते महीन जुलाई में देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना लिया। इस दौरान कुल 3,27,901 इलेक्ट्रिक वाहन बिके, जो जुलाई 2025 के मुकाबले 66 प्रतिशत अधिक हैं। यह अब तक किसी भी महीने में हुई सबसे ज्यादा ईवी बिक्री है।

भारत में बिकने वाला हर आठवां वाहन इलेक्ट्रिक

सबसे खास बात यह है कि अब भारत में बिकने वाला लगभग हर आठवां वाहन इलेक्ट्रिक है। यानी देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी पहली बार 12 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई है। इससे साफ है कि भारतीय ग्राहक अब इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपना रहे हैं।

जून का रिकॉर्ड भी टूटा

इससे पहले जून 2026 में इलेक्ट्रिक वाहनों की 3,06,220 यूनिट की खुदरा बिक्री हुई थी, जो उस समय एक नया रिकॉर्ड था। हालांकि, जुलाई में बिक्री का आंकड़ा इससे भी आगे निकल गया और नया रिकॉर्ड बन गया। लगातार दो महीनों में रिकॉर्ड बिक्री यह दिखाती है कि ईवी बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है।

सबसे ज्यादा बढ़ी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री

जुलाई 2026 में सबसे शानदार प्रदर्शन इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों ने किया। इस दौरान 2,04,362 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिके, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 1,08,516 थी। यानी इस कैटेगरी में सालाना आधार पर 88.32 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह बढ़ोतरी बताती है कि लोग रोजमर्रा की यात्रा के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक को तेजी से पसंद कर रहे हैं।

इलेक्ट्रिक कारों की मांग भी बढ़ी

इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों यानी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में भी मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली। जुलाई 2026 में कुल 32,928 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 17,981 था। इस कैटेगरी में 83.13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

इलेक्ट्रिक तिपहिया और कमर्शियल वाहनों में भी तेजी

फाडा के अनुसार, इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री भी बढ़ी है। जुलाई 2026 में 87,055 इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बिके, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 69,477 थी। इस कैटेगरी में 25.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों ने सबसे तेज वृद्धि दर्ज की। जुलाई 2026 में इनकी खुदरा बिक्री 168.6 प्रतिशत बढ़कर 3,556 यूनिट पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने केवल 1,324 वाहन बिके थे।

FADA ने क्या कहा?

FADA के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि जुलाई 2026 भारत के इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के लिए ऐतिहासिक महीना रहा। उनके अनुसार, देश में एक ही महीने में पहली बार 3,27,901 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री हुई है। यह पिछले साल की तुलना में 66 प्रतिशत अधिक है और इसी के साथ अब देश में बिकने वाला लगभग हर आठवां वाहन इलेक्ट्रिक बन गया है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article