भारतीय बाजार में हाइब्रिड कारों का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच Suzuki Motor Corp ने कॉम्पैक्ट कारों के लिए एक नई रेंज-एक्सटेंडर हाइब्रिड टेक्नोलॉजी डेवलप करने की जानकारी दी है। इस तकनीक को REEV Light नाम दिया गया है। खास बात यह है कि इसमें कार के पहियों को चलाने का काम इलेक्ट्रिक मोटर करेगी, जबकि पेट्रोल इंजन जरूरत पड़ने पर बिजली बनाने के लिए जनरेटर की तरह काम करेगा। साथ ही बैटरी को बाहरी पावर सोर्स से चार्ज भी किया जा सकेगा।
कैसे काम करेगी REEV Light तकनीक?
REEV Light को मौजूदा सीरीज हाइब्रिड सिस्टम का विकसित रूप माना जा सकता है। इस सिस्टम में बैटरी इलेक्ट्रिक मोटर को बिजली देती है और इलेक्ट्रिक मोटर कार के पहियों को चलाती है। जब बैटरी में चार्ज कम होने लगता है या ज्यादा ड्राइविंग रेंज की जरूरत होती है, तब पेट्रोल इंजन चालू होकर बिजली पैदा करता है। खास बात यह है कि पेट्रोल इंजन सीधे पहियों को पावर नहीं देगा।
इसके अलावा, इस सिस्टम में बैटरी को घर या दूसरे बाहरी चार्जिंग प्वाइंट से भी चार्ज किया जा सकेगा। यानी छोटी दूरी की रोजाना ड्राइविंग में कार को ज्यादा समय तक इलेक्ट्रिक मोड में चलाया जा सकता है, जबकि लंबी यात्रा के दौरान पेट्रोल इंजन अतिरिक्त बिजली बनाकर रेंज बढ़ाने में मदद करेगा।
छोटी बैटरी से कम हो सकती है लागत
Suzuki का फोकस इस तकनीक में सही साइज की बैटरी इस्तेमाल करने पर है। इसका मतलब है कि कार में जरूरत से बहुत बड़ी और महंगी बैटरी लगाने के बजाय ऐसी बैटरी इस्तेमाल की जाएगी, जो रोजमर्रा की जरूरतों के हिसाब से काफी हो। छोटी बैटरी से गाड़ी का वजन और बैटरी की लागत कम रखने में मदद मिल सकती है।
Suzuki की मौजूदा योजना के अनुसार, कॉम्पैक्ट कारों के लिए डेवलप किए जा रहे सीरीज हाइब्रिड सिस्टम से CO₂ उत्सर्जन में लगभग 29 प्रतिशत तक कमी का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि REEV Light के लिए अभी बैटरी क्षमता और इलेक्ट्रिक-ओनली रेंज की जानकारी सामने नहीं आई है।
किन Maruti कारों में मिल सकती है यह तकनीक?
Maruti Suzuki पहले से ही छोटी और मिड-साइज कारों के लिए इन-हाउस सीरीज हाइब्रिड पावरट्रेन पर काम कर रही है। 2024 की रिपोर्ट्स में Fronx, Baleno, Swift और एक कॉम्पैक्ट MPV जैसे मॉडलों में इस तकनीक के इस्तेमाल की बात सामने आई थी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारत में REEV Light तकनीक किन मॉडलों में आएगी। Suzuki ने भी किसी खास मॉडल का नाम या लॉन्च टाइमलाइन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अगर यह तकनीक Maruti Suzuki की छोटी कारों तक पहुंचती है, तो ग्राहकों को इलेक्ट्रिक ड्राइविंग और पेट्रोल से मिलने वाली अतिरिक्त रेंज का कॉम्बिनेशन मिल सकता है।
