Mercedes-Benz ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए दमदार और लग्जरी एसयूवी G 63 का नया ऑफरोड प्रो वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 3.80 करोड़ रुपये रखी गई है। यह वेरिएंट लिमिटेड संख्या में उपलब्ध होगा और स्टैंडर्ड AMG G 63 के मुकाबले करीब 6 लाख रुपये महंगा है। नए G 63 Offroad Pro को खास तौर पर ऑफ-रोड क्षमता और एक्सट्रीम टेरेन ड्राइविंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
ऑफ-रोड ड्राइविंग के लिए खास फीचर्स
Mercedes-AMG G 63 Offroad Pro में कंपनी ने AMG Active Ride Control सस्पेंशन दिया है। इसमें Active Roll Stabilisation के साथ एक्टिव बैलेंस कंट्रोल (Active Balance Control) भी मिलता है। इस सिस्टम के जरिए अलग-अलग ऑफ-रोड परिस्थितियों के हिसाब से रोल स्टिफनेस को तीन लेवल पर एडजस्ट किया जा सकता है।
SUV में AMG Traction PRO मोड भी दिया गया है, जो Rock और Sand जैसे ऑफ-रोड मोड के साथ काम करता है। कंपनी के अनुसार, यह सिस्टम अलग-अलग पहियों पर ब्रेकिंग टॉर्क को नियंत्रित कर सकता है और इसमें सात स्टेज लॉकिंग की सुविधा मिलती है। इससे मुश्किल और फिसलन वाले रास्तों पर SUV की ट्रैक्शन क्षमता बेहतर करने में मदद मिलती है।
रूफ रैक और नया एक्सटीरियर
नए G 63 Offroad Pro को स्टैंडर्ड मॉडल से अलग लुक देने के लिए इसमें एल्युमिनियम पैनल वाला रूफ लगेज रैक और रिमूवेबल रियर लैडर दी गई है। एसयूवी में खास 20-इंच AMG अलॉय व्हील्स भी मिलते हैं, जिन्हें मैट ब्लैक फिनिश दी गई है। इसके अलावा, AMG-स्पेसिफिक बंपर, फ्लेयर्ड व्हील आर्च और ज्यादा एग्रेसिव फ्रंट डिजाइन इसके ऑफ-रोड कैरेक्टर को मजबूत करते हैं।
585 bhp का दमदार इंजन
पावर की बात करें तो G 63 Offroad Pro में वही 4.0-लीटर ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 585 bhp की पावर और 850 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम भी मिलता है। इंजन को 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम के साथ जोड़ा गया है। यह SUV 0 से 100 kmph की रफ्तार महज 4.4 सेकंड में पकड़ सकती है।
केबिन में भी ऑफ-रोड फोकस
इस एसयूवी के केबिन में Mercedes का MBUX सिस्टम मिलता है और ऑफ-रोड ड्राइविंग से जुड़ी जरूरी जानकारी के लिए डेडिकेटेड स्क्रीन दी गई हैं। इनके जरिए ड्राइवर को ड्राइविंग के दौरान जरूरी ऑफ-रोड डेटा देखने में मदद मिलती है।
