ऑटो न्यूज़

25 Years Of WagonR: 25 साल से इस टॉलबॉय हैचबैक पर जान छिड़क रहे ग्राहक, 1.0L वेरिएंट ने मचाई धूम

Maruti Suzuki Wagonr 25 Years: वैगनआर के भारत में 25 साल पूरे हो गए हैं, इससे भी दिलचस्प ये है कि मारुति की ये टॉलबॉय हैचबैक अब भी ग्राहकों की पसंदीदा कारों में एक है। मारुति वैगनआर बेस्ट सेलर्स की लिस्ट में हमेशा शामिल रही है। बता दें कि पहली बार लॉन्च के बाद से अब तक इस कार की 32 लाख से भी ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं।

Image

पहली बार लॉन्च के बाद से अब तक इस कार की 32 लाख से भी ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • मारुति सुजुकी वैगनआर के 25 साल पूरे
  • 1.0-लीटर इंजन वेरिएंट लोगों का चहेता
  • 32 लाख के पार हो चुकी है इसकी बिक्री

Maruti Suzuki Wagonr 25 Years: मारुति सुजुकी वैगनआर के भारतीय मार्केट में 25 साल पूरे हो गए हैं जो एक कार के लिए बहुत लंबा सफर होता है। इससे भी दिलचस्प बात ये है कि मारुति की ये टॉलबॉय हैचबैक अब भी ग्राहकों की पसंदीदा कारों में एक है और बेस्ट सेलर्स की लिस्ट में हमेशा शामिल रही है। बता दें कि पहली बार लॉन्च के बाद से अब तक इस कार की 32 लाख से भी ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं। इसके अलावा कंपनी की कुल बिक्री में करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी इसी की है। पिछले दो वित्त वर्ष में इसकी लगभग 2 लाख यूनिट औसत बिकी हैं। आगे हम आपको इसके सबसे पसंदीदा 1.0-लीटर इंजन विकल्प की जानकारी दे रहे हैं।

दो इंजन विकल्प मिलते हैं

मारुति सुजुकी वैगनआर के साथ आपको 2 इंजन विकल्प मिलते हैं जिनमें 1.0-लीटर और 1.2-लीटर शामिल हैं। इनमें से ग्राहकों का पसंदीदा मॉडल 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन वाला है जो बहुत किफायती है। इसकी बिक्री का बड़ा हिस्सा फ्लीट मार्केट से आता है, यानी पैसा वसूल इस हैचबैक को टैक्सी कोटे में सबसे ज्यादा पसंद किया जाता रहा है।

फ्लीट मार्केट से बड़ी मांग

कंपनी ने अपने बयान में बताया है कि वैगनआर की बिक्री में 30 से 40 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.0-लीटर सीएनजी वेरिएंट की हो रही है। ऐसे में कहा जा सकता है कि ये हिस्सा फ्लीट मार्केट से ही मिल रहा है। सीएनजी वेरिएंट में 1.0-लीटर इंजन वैगनआर आपको 34 किमी/किग्रा से भी ज्यादा माइलेज देती है।

बड़ा साइज, कीमत कम

भारतीय ग्राहकों की सबसे बड़ी डिमांड कम कीमत में बड़ी कार है, यहां वैगनआर की सफलता का ये भी सबसे बड़ा कारण है। मारुति सुजुकी वैगनआर साइज में इस श्रेणी की सबसे बड़ी कार है और बहुत कम कीमत में ये फैमिली कार आपकी हो जाती है। इसके अलावा जोरदार माइलेज और कम मेंटेनेंस कॉस्ट इसे फुल पैसा वसूल बनाते हैं।

कितना दमदार है इंजन

इस धाकड़ हैचबैक के साथ 1.0-लीटर इंजन मिलता है जो पेट्रोल मोड पर 65 बीएचपी ताकत और 89 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। दूसरी तरफ सीएनजी मोड में इसकी ताकत घटकर 55 बीएचपी और 82 एनएम पीक टॉर्क रह जाती है। ये 5-स्पीड एमटी और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के साथ आता है। इसके साथ 1.2-लीटर इंजन भी मिलता है जो 88 बीएचपी ताकत और 113 एनएम पीक टॉर्क बनाता है।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article