ऑटो न्यूज़

e Vitara First Teaser: ये रही Maruti Suzuki e Vitara की पहली झलक, मुकाबले का टेंशन बढ़ाने जल्द होगी लॉन्च

Maruti Suzuki e Vitara First Teaser: मारुति सुजुकी ने ई विटारा का पहला टीजर जारी कर दिया है। ये मारुति सुजुकी का पहला इलेक्ट्रिक वाहन है जो एक एसयूवी है। टीजर में इलेक्ट्रिक एसयूवी के अगले हिस्से की झलक दिखी है जो बहुत आकर्षक लग रहा है। जानकारी मिली है कि नई एसयूवी 11 रंगों में पेश की जाएगी जिसमें से 5 रंग डुअल टोन और 6 रंग मोनोटोन होंगे।

Image

जर में इलेक्ट्रिक एसयूवी के अगले हिस्से की झलक दिखी है जो बहुत आकर्षक लग रहा है।

Photo : Times Now Digital
KEY HIGHLIGHTS
  • Maruti e Vitara का पहला टीजर जारी
  • Bharat Mobility Expo 2025 में दिखेगी
  • इसी इवेंट में लॉन्च हो सकती है e-SUV

Maruti Suzuki e Vitara First Teaser: मारुति सुजुकी भारत मोबिलिटी एक्सपो 2025 में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार नई ई विटारा दिखाने वाली है। इससे पहले कंपनी ने इसका पहला टीजर जारी कर दिया है। ये मारुति सुजुकी का पहला इलेक्ट्रिक वाहन है जो एक एसयूवी है। टीजर में इलेक्ट्रिक एसयूवी के अगले हिस्से की झलक दिखी है जो बहुत आकर्षक लग रहा है। जानकारी मिली है कि नई एसयूवी 11 रंगों में पेश की जाएगी जिसमें से 5 रंग डुअल टोन और 6 रंग मोनोटोन होंगे। देश में इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट दमदार मुकाबला देख रहा है, इनमें टाटा कर्व ईवी, एमजी जेडएस ईवी के साथ आगामी क्रेटा ईवी और महिंद्रा बीई 05 शामिल हैं।

दिखने में जोरदार ई विटारा

मारुति सुजुकी संभवतः ऑटो एक्सपो में ही इस कार की कीमत बताएगी। इसे बहुत अच्छे लुक में तैयार किया गया है। इसके अगले और पिछले हिस्से में ट्राई स्लैश एलईडी डीआरएल लगाए गए हैं। एडब्ल्यूडी वर्जन में आपको 19 इंच के व्हील्स दिए गए हैं, वहीं पिछले डोर हैंडर पुरानी स्विफ्ट जैसे दिख रहे हैं।

फीचर्स से लबालब केबिन

मारुति सुजुकी ने इसके केबिन में खूब सारे हाइटेक फीचर्स दिए हैं जिनमें इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक्स, हिल डिसेंट कंट्रोल, सिंगल जोन ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस फोन चार्जर, ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो जैसे कई फीचर्स शामिल हैं। अगर कीमत आकर्षक होगी तो मुकाबले में दबदबा रखने वाली टाटा मोटर्स के लिए ये चिंताजनक हो सकता है।

एडीएएस जैसे फीचर्स मिलेंगे

सेफ्टी के मामले में भी ये इलेक्ट्रिक एसयूवी दमदार है, इसके साथ साइड और कुशन एयरबैग्स मिले हैं। इसे हीटेड मिरर्स और कुछ एडीएएस फीचर्स भी मिलेंगे जिनमें अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल और लेन कीप असिस्ट शामिल हैं। कुल मिलाकर ये कार भी मारुति सुजुकी की ताजा 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग को आगे बढ़ा सकती है। गौरतलब है कि मारुति की नई डिजायर को हाल में ग्लोबल एनकैप 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है।

पिछले यात्रियों की मौज

एसयूवी के साथ स्प्लिट फोल्डिंग अरेंजमेंट मिला है, इसके साथ सभी यात्रियों के लिए थ्री पॉइंट सीटबेल्ट और आइसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट भी मिला है। मारुति सुजुकी ई विटारा का ग्राउंड क्लीयरेंस भी जोरदार है जिससे इसे कच्चे रास्तों और दुर्गम ट्रैक्स पर आसानी से चलाया जा सकता है। यानी शहरी के साथ-साथ पहाड़ी रास्तों पर भी ये आसानी से चलेगी।

सिंगल चार्ज में कितना चलेगी

हमारा अनुमान है कि कंपनी भारतीय मार्केट में इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत करीब 20 लाख रुपये रखेगी, वहीं एडब्ल्यूडी का दाम 30 लाख के आस-पास होगा। इलेक्ट्रिक एसयूवी को 49 और 61 किलोवाट-आर बैटरी पैक विकल्प मिलेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि दमदार बैटरी पैक के साथ ई विटारा 500 किमी से ज्यादा रखेगी।

कितनी हो सकती है कीमत!

मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार यानी ई विटारा इलेक्ट्रिक एसयूवी के 49 किलोवाट-आर बैटरी पैक की कीमत करीब 20 लाख रुपये होगी। 61 किलोवाट-आर बैटरी पैक की कीमत 25 लाख और ई-ऑलग्रिप एडब्ल्यूडी वर्जन की कीमत 30 लाख का आंकड़ा पार कर सकती है। मुकाबले के हिसाब से कंपनी इसकी कीमत को और भी आकर्षक बना सकती है।

Anshuman. Sakalley
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article