ऑटो न्यूज़

Maruti Suzuki ने वाइब्रेंट गुजरात में किया बड़ा ऐलान, 35,000 करोड़ रुपये निवेश की घोषणा

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Jan 15, 2024, 01:39 PM IST

Maruti Suzuki ने वाइब्रेंट गुजरात में बंपर निवेश की घोषणा कर दी है। कंपनी गुजरात में अपना नया प्रोडक्शन प्लांट स्थापित करने वाली है जिसके लिए 35,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यहां इलेक्ट्रिक वाहन भी बनेंगे।

Image

गुजरात में दूसरे प्रोडक्शन प्लांट पर 35,000 करोड़ रुपये का निवेश मारुति सुजुकी करेगी।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • वाइब्रेंट गुजरात में मारुति सुजुकी
  • 35,000 करोड़ रुपये होगा निवेश
  • नया प्रोडक्शन प्लांट होगा जाएगा

Maruti Suzuki At Vibrant Gujrat: वाइब्रेंट गुजरात में मारुति सुजुकी ने बड़ा ऐलान करते हुए गुजरात में बंपर निवेश की घोषणा कर दी है। सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष तोशीहिरो सुजुकी ने बुधवार को कहा कि मारुति सुजुकी इंडिया गुजरात में अपनी दूसरी विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी का लक्ष्य 2030-31 तक वार्षिक उत्पादन क्षमता को 40 लाख इकाई से अधिक तक बढ़ाना है। वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन (वीजीजीएस) के 10वें संस्करण में तोशीहिरो ने कहा कि संयंत्र की स्थापित उत्पादन क्षमता 10 लाख इकाई प्रति वर्ष होगी।

35,000 करोड़ का निवेश

तोशीहिरो ने कहा, ‘‘ हम गुजरात में दूसरे कार संयंत्र के निर्माण के लिए 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे, जो हर साल 10 लाख इकाई का उत्पादन करेगा।’’ उन्होंने कहा कि नए संयंत्र का परिचालन वित्त वर्ष 2028-29 में शुरू होने की उम्मीद है। इसका स्थान और उत्पादित किए जाने वाले मॉडल का विवरण उचित समय पर साझा किया जाएगा।

20 लाख यूनिट सालाना

तोशीहिरो ने कहा कि इसके साथ ही गुजरात में वार्षिक उत्पादन क्षमता 20 लाख इकाई हो जाएगी। सुजुकी मोटर गुजरात में 10 लाख इकाई और दूसरे नए संयंत्र में 10 लाख इकाई का निर्माण किया जाएगा। मारुति सुजुकी इंडिया में सुजुकी मोटर की करीब 58 प्रतिशत हिस्सेदारी है। तोशीहिरो ने कहा कि विनिर्माण उद्योगों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व और निरंतर समर्थन से भारतीय मोटर वाहन बाजार लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसके दम पर भारत, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मोटर वाहन बाजार बन गया है।

बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन बनेंगे

तोशीहिरो ने कहा, ‘‘ हमने भारत में उत्पादन क्षमता में भी काफी वृद्धि की है। हमें 10 साल पहले की तुलना में चालू वित्त वर्ष 2023-24 में वाहन उत्पादन में 1.7 गुना और निर्यात बिक्री में 2.6 गुना वृद्धि की उम्मीद है।’’ उन्होंने कहा कि सुजुकी समूह का पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) इस साल के अंत तक सुजुकी मोटर गुजरात से ही पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी योजना इस मॉडल को न केवल भारत में बेचने की है बल्कि जापान और यूरोपीय देशों में भी निर्यात करने की है।’’

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article