ऑटो न्यूज़

Manual, AMT, CVT या DCT कौन-सा गियरबॉक्स आपके लिए बेस्ट? जानें ड्राइविंग का सही गणित!

एक नई कार खरीद रहे हैं तो कीमत, डिजाइन, लुक, माइलेज के अलावा, गियरबॉक्स को भी ध्यान में रखा जाना बेहद जरूरी है।

Image

कार ट्रांसमिशन (Photo: iStock)

नई कार खरीदते समय अधिकतर लोग इंजन, माइलेज और फीचर्स पर ध्यान देते हैं लेकिन एक महत्वपूर्ण फैसला गियरबॉक्स का भी होता है। बाजार में Manual, AMT, DCT और CVT जैसे कई ट्रांसमिशन विकल्प उपलब्ध हैं। इनमें से कौन-सा सिस्टम कैसे काम करता है और किस तरह की ड्राइविंग के लिए बेहतर है, यह समझना जरूरी है। आइए समझते हैं-

क्या होता है Manual गियरबॉक्स?

Manual ट्रांसमिशन सबसे पुराना सिस्टम है। इसमें ड्राइवर को क्लच पेडल दबाकर खुद गियर बदलने पड़ते हैं। गाड़ी का पूरा कंट्रोल ड्राइवर के हाथ में होता है, जिससे जरूरत के अनुसार गियर चुनकर बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है। Manual कारें आमतौर पर सस्ती होती हैं और इनके रखरखाव का खर्च भी कम होता है। हालांकि, भारी ट्रैफिक में बार-बार क्लच और गियर बदलना कई बार थकाऊ हो जाता है।

AMT क्या है?

AMT का मतलब Automated Manual Transmission है। इसे आसान भाषा में समझें तो यह एक Manual गियरबॉक्स ही होता है, लेकिन इसमें क्लच और गियर बदलने का काम इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और एक्ट्यूएटर्स करते हैं। यानी ड्राइवर को क्लच दबाने की जरूरत नहीं पड़ती। AMT की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध करवाता है।

DCT (Dual Clutch Transmission) को ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की सबसे एडवांस तकनीकों में से एक माना जाता है। इसमें दो अलग-अलग क्लच का इस्तेमाल किया जाता है, जिनमें एक विषम (1, 3, 5, 7) और दूसरा सम (2, 4, 6) गियरों को कंट्रोल करता है। इसकी वजह से गियर बदलने की प्रक्रिया बेहद तेज और स्मूद हो जाती है, जिससे बेहतर परफॉर्मेंस और तेज एक्सीलरेशन मिलता है। यही कारण है कि DCT का इस्तेमाल कई प्रीमियम और स्पोर्टी कारों में किया जाता है।

CVT कैसे काम करता है?

CVT का मतलब Continuously Variable Transmission से है। यह पारंपरिक गियरों की जगह पुली और बेल्ट सिस्टम का इस्तेमाल करता है। इसमें फिक्स्ड गियर नहीं होते, इसलिए गाड़ी बिना झटकों के लगातार स्मूद तरीके से स्पीड बढ़ाती है। शहर के ट्रैफिक में सीवीटी काफी आरामदायक महसूस होता है और ईंधन दक्षता के मामले में भी अच्छा माना जाता है।

कौन-सा विकल्प है सबसे बेहतर?

कौन-सा गियरबॉक्स आपके लिए सबसे बेहतर रहेगा, यह पूरी तरह आपकी जरूरत और ड्राइविंग शैली पर निर्भर करता है। अगर आप कम कीमत, बेहतर कंट्रोल और कम मेंटेनेंस चाहते हैं तो मैनुअल (Manual) गियरबॉक्स एक अच्छा विकल्प है। वहीं, अगर आपका बजट सीमित है लेकिन आप ऑटोमैटिक कार का आराम भी चाहते हैं, तो एएमटी (AMT) आपके लिए अच्छा विकल्प है, क्योंकि यह ऑटोमैटिक सुविधा अपेक्षाकृत कम कीमत में उपलब्ध कराता है। दूसरी ओर, अगर आप रोजाना शहर के भारी ट्रैफिक में ड्राइव करते हैं और बिना झटकों वाली सबसे स्मूद ड्राइविंग का अनुभव चाहते हैं, तो सीवीटी (CVT) बेहतर विकल्प माना जाता है। वहीं, जो लोग तेज एक्सीलरेशन, फुर्तीली परफॉर्मेंस और स्पोर्टी ड्राइविंग का एक्सपीरियंस चाहते हैं, डीसीटी (DCT) सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकता है, क्योंकि इसमें गियर बेहद तेजी और स्मूद तरीके से बदलते हैं। हालांकि, DCT की कीमत और मेंटेनेंस लागत दूसरे विकल्पों की तुलना में अधिक हो सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article