ऑटो न्यूज़

Mahindra ने Thar लवर्स को दिया तगड़ा झटका, 1 लाख रुपये से भी ज्यादा बढ़ाई कीमत

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Apr 15, 2023, 12:28 PM IST

Mahindra ने नई Thar SUV की कीमत में 1 लाख रुपये से भी ज्यादा इजाफा कर दिया है। कंपनी ने एसयूवी के रियर व्हील ड्राइव वेरिएंट की कीमत में 55 हजार रुपये से लेकर 1.05 लाख रुपये तक बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।

Image

महिंद्रा ने एसयूवी की कीमत में 1 लाख रुपये भी ज्यादा इजाफा कर दिया है।

KEY HIGHLIGHTS
  • New Thar की कीमत में बंपर इजाफा
  • 1.05 लाख रुपये तक महंगी हुई Thar
  • RWD वेरिएंट के दाम ज्यादा प्रभावित

New Generation Mahindra Thar Price Hike: नई जनरेशन महिंद्रा थार 2020 में लॉन्च के बाद से ही ग्राहकों के बीच बहुत पॉपुलर चल रही है और आज भी इसकी डिमांड में कोई कमी नहीं आ रही। कंपनी ने कुछ समय पहले ही इस ऑफरोड एसयूवी का सबसे सस्ता वेरिएंट लॉन्च किया है जो रियर व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आया है। महिंद्रा जल्द मार्केट में 4 बाय 4 मॉडल का सबसे सस्ता वेरिएंट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। अब थार लवर्स को जोरदार झटका देते हुए महिंद्रा ने एसयूवी की कीमत में 1 लाख रुपये भी ज्यादा इजाफा कर दिया है।

Mahindra Thar Price Hike

Mahindra Thar Price Hike

कौन सा वेरिएंट हुआ कितना महंगा

महिंद्रा ने हाल में अपने वाहनों को बीएस6 फेज-2 और आरडीई ईंधन नियमों के हिसाब से अपडेट किया है। ये ईंधन नियम 1 अप्रैल 2023 से अनिवार्य कर दिए गए हैं। इसके साथ ही महिंद्रा ने नई थार की कीमत 1.05 लाख रुपये तक बढ़ा दी है। कीमत बढ़ने के बाद थार एक्स (O) हार्ड टॉप डीजल एमटी आरडब्ल्यूडी वेरिएंट की कीमत 55,000 रुपये बढ़ गई है, वहीं इसके एलएक्स हार्ड टॉप डीजल एमटी आरडब्ल्यूडी वेरिएंट की कीमत में 1.05 लाख रुपये बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा बाकी सारे वेरिएंट्स की कीमत 28,000 रुपये बढ़ाई गई है।

मारुति सुजुकी जिम्नी से मुकाबला

ऑटो एक्सपो 2023 में मारुति सुजुकी ने बिल्कुल नई जिम्नी एसयूवी शोकेस की है जिसकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। कंपनी बहुत जल्द नई जिम्नी को भारत में लॉन्च करेगी जिसका सीधा मुकाबला महिंद्रा थार से होने वाला है। विदेशी मॉडल के मुकाबले देश में जिम्नी का 5-डोर वेरिएंट लॉन्च होगा और इसी को टक्कर देने के लिए महिंद्रा भी नई 5 दरवाजों वाली थार लेकर आ रही है। महिंद्रा 5-डोर थार को टेस्टिंग के वक्त कई बार देखा जा चुका है और ये एसयूवी भारत में जल्द लॉन्च होगी।

4 व्हील ड्राइव का एंट्री लेवल वेरिएंट

लीक हुए दस्तावेज की मानें तो महिंद्रा थार का 4-व्हील ड्राइव एंट्री लेवल वेरिएंट सबसे कम कीमत वाला होगा। कंपनी लॉन्च के समय पेश हुए बेस एएक्स मॉडल की वापसी कर सकती है। इस वेरिएंट के साथ 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर डीजल इंजन विकल्प मिलने वाले हैं जिन्हें सिर्फ मैनुअल गियरबॉक्स से लैस किया जाने वाला है। बता दें कि 1.5-लीटर डीजल इंजन अब भी महिंद्रा थार के सिर्फ आरडब्ल्यूडी वेरिएंट के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। अनुमान है कि नई महिंद्रा थार 4-व्हील ड्राइव एंट्री लेवल वेरिएंट की कीमत 10 से 13 लाख रुपये के बीच होगी।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article