ऑटो न्यूज़

कम होने का नाम नहीं ले रहा Mahindra Bolero का क्रेज, बिक्री में हासिल किया ये मुकाम

  • Authored by: अंशुमन साकल्ले
  • Updated Apr 24, 2023, 10:44 PM IST

Mahindra की Bolero ने बिक्री में एक और कारनामा कर दिखाया है। कंपनी ने साल 2000 में इस SUV को पहली बार लॉन्च किया था, इसके बावजूद महिंद्रा ने वित्त वर्ष 2023 में इस धाकड़ गाड़ी की 1 लाख यूनिट बेच ली हैं।

Image

वित्त वर्ष 2023 में महिंद्रा ने इस धाकड़ एसयूवी की 1 लाख यूनिट बेच डाली हैं।

Mahindra Bolero Sales Milestone: महिंद्रा बोलेरो एक ऐसी गाड़ी है जिसका क्रेज मेट्रो सिटी से लेकर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों में आज भी जोरदार है। कंपनी ने हाल में एक और कारनामा कर दिखाया है, वित्त वर्ष 2023 में महिंद्रा ने इस धाकड़ एसयूवी की 1 लाख यूनिट बेच डाली हैं। इसके अलावा लॉन्च से अब तक कंपनी ने बोलेरो की 14 लाख यूनिट बेच ली हैं। बता दें कि महिंद्रा बोलेरो को भारत में पहली बार साल 2000 में लॉन्च किया गया था। तब से अब तक अपनी जोरदार स्टाइल और मजबूती के चलते से एसयूवी ग्राहकों के दिलों पर छाई हुई है।

हाल में मिला बीएस6 फेज 2 अपडेट

महिंद्रा ने अपग्रेडेड इंजन के साथ बोलेरो लॉन्च कर दी है जो 1 अप्रैल से लागू होने वाले नए ईंधन नियमों के उपयुक्त है। नए रियल टाइम एमिशन और बीएस6 फेज-2 के हिसाब से बदल चुकी नई बोलेरो की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत अब 9.78 लाख रुपये हो चुकी है। महिंद्रा ने बोलेरो के अलावा अन्य कई कारों को भी अपडेटेड इंजन के साथ पेश किया है जिनमें बोलेरो निओ और एक्सयूवी300 शामिल हैं। कंपनी ने इंजन में बड़े बदलाव के साथ नई बोलेरो की कीमत में भी इजाफा कर दिया है।

कितना दमदार है इंजन

दमदार लुक वाली ये एसयूवी भारत के शहरी इलाकों से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में पसंद की जाती है। कंपनी ने इसके साथ 1.5-लीटर एमहॉक75 डीजल इंजन दिया है जो 75 बीएचपी ताकत और 210 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है। नई बोलेरो का ये इंजन अब बीएस6 फेज 2 और आरडीई ईंधन नियमों के उपयुक्त है, इसके साथ सिर्फ 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प दिया गया है। कुल मिलाकर 1 अप्रैल से लागू होने वाले नए नियमों के हिसाब नई बोलेरो पूरी तरह तैयार है।

कितनी बढ़ी एसयूवी की कीमत

महिंद्रा ने नई बोलेरो एसयूवी को 3 वेरिएंट्स - बी4, बी6 और बी6 ऑप्शनल में पेश किया है। बी4 वेरिएंट की कीमत में महिंद्रा ने 24,601 रुपये का इजाफा किया है जिसके बाद इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत अब 9.78 लाख रुपये हो गई है। इसके बाद बी6 वेरिएंट की बारी आती है जिसकी कीमत अब 9.99 लाख रुपये हो गई है। अंत में बी6 ऑप्शनल वेरिएंट आता है जिसकी एक्सशोरूम कीमत में 30,600 रुपये इजाफा हुआ है, अब इस वेरिएंट की कीमत 10.79 लाख रुपये हो गई है।

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article