ऑटो न्यूज़

Mahindra BE 6 Sporteq भारत में लॉन्च, 11.45 लाख से शुरू कीमत और मिलेगी 683km की दमदार रेंज

Mahindra ने अपने ग्राहकों के लिए Mahindra BE 6 Sporteq को लॉन्च कर दिया है। इस एसयूवी को कंपनी की ओर से BaaS मॉडल के साथ खरीदने की सुविधा भी दी जा रही है।

Image

Mahindra BE 6 Sporteq भारत में लॉन्च

भारत की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर Mahindra ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV रेंज में एक बड़े अपडेट के साथ Mahindra BE 6 Sporteq को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत BaaS यानी Battery as a Service के साथ 11.45 लाख रुपये और बिना BaaS के 19.45 लाख रुपये है। इस अपडेट के साथ Mahindra ने BE 6 की पूरी इलेक्ट्रिक SUV लाइनअप के नाम और वेरिएंट्स में भी बदलाव किया है।

Mahindra BE 6 Sporteq की सबसे खास बात इसका नया BaaS मॉडल है। इस स्कीम के तहत ग्राहक इलेक्ट्रिक SUV और बैटरी को अलग-अलग खरीद सकता है। इससे गाड़ी की शुरुआती कीमत कम हो जाती है, जबकि बैटरी के लिए इस्तेमाल के हिसाब से सब्सक्रिप्शन शुल्क देना होता है।

11.45 लाख रुपये से शुरू हुई कीमत

BaaS स्कीम के तहत BE 6 Sporteq का One वेरिएंट 11.45 लाख रुपये और Two वेरिएंट 12.95 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। दोनों वेरिएंट में बैटरी सब्सक्रिप्शन शुल्क 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर रखा गया है। यह कीमत रोजाना 60 किलोमीटर ड्राइविंग और आठ साल की बैटरी लोन अवधि को ध्यान में रखकर कैलकुलेट की गई है। हालांकि, इन कीमतों में इंश्योरेंस, रोड टैक्स और TCS शामिल नहीं हैं।

नई BE 6 Sporteq को कुल छह ट्रिम में पेश किया गया है। इनमें One, Two, Three, Three+, Formula E Edition और Four/Launch Edition शामिल हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार अलग-अलग बैटरी पैक और वेरिएंट चुन सकते हैं।

वेरिएंटबैटरी पैकएक्स-शोरूम कीमत
One59kWh₹19.45 लाख
Two59kWh₹20.95 लाख
Three59kWh₹21.95 लाख
Three70kWh₹22.95 लाख
Three+70kWh₹23.95 लाख
Formula E Edition79kWh₹24.45 लाख
Three+79kWh₹24.95 लाख
Four/Launch Edition79kWh₹26.95 लाख

मिलेगी 683 किलोमीटर तक की दमदार रेंज

Mahindra BE 6 Sporteq को तीन बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इनमें 59kWh, 70kWh और 79kWh बैटरी शामिल हैं। कंपनी के दावे के मुताबिक, 59kWh बैटरी वाला मॉडल 548 किलोमीटर, 70kWh वाला मॉडल 651 किलोमीटर और 79kWh बैटरी वाला मॉडल 683 किलोमीटर तक की MIDC रेंज देने में सक्षम है।

पावर की बात करें तो 59kWh बैटरी पैक वाला मॉडल अधिकतम 231bhp पावर जनरेट करता है। वहीं, 70kWh बैटरी वाला वर्जन 245bhp और 79kWh बैटरी पैक वाला मॉडल 286bhp पावर देता है।

20 मिनट में 20 से 80% चार्ज

BE 6 Sporteq में फास्ट चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। 59kWh बैटरी पैक 140kW तक DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। वहीं 70kWh और 79kWh बैटरी वाले मॉडल क्रमशः 160kW और 180kW तक DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करते हैं। कंपनी के अनुसार, फास्ट चार्जर की मदद से तीनों बैटरी पैक को 20% से 80% तक चार्ज करने में सिर्फ 20 मिनट लगते हैं। इसके अलावा SUV में 7.2kW और 11.2kW AC वॉल चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है।

इंटीरियर में भी बड़े बदलाव

नई BE 6 Sporteq के केबिन में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इसका सबसे बड़ा आकर्षण तीन 12.3-इंच डिस्प्ले वाला सेटअप है। हालांकि, Formula E Edition में पहले की तरह डुअल-स्क्रीन डैशबोर्ड लेआउट मिलता है। SUV में Mahindra ने छह नए TEQ टेक्नोलॉजी सूट भी जोड़े हैं, जिनका उद्देश्य कनेक्टिविटी, कस्टमाइजेशन और कार के फंक्शन को बेहतर बनाना है। इनमें TEQ_Me, TEQ_Talk, TEQ_xting और TEQ_Drive जैसे फीचर्स शामिल हैं।

फीचर्स की लंबी लिस्ट

BE 6 Sporteq में रिडिजाइन्ड डैशबोर्ड, वायरलेस चार्जिंग पैड, USB Type-C पोर्ट, पैनोरमिक ग्लास रूफ और Harman Kardon ऑडियो सिस्टम के साथ Dolby Atmos जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, 540-डिग्री कैमरा और हेड-अप डिस्प्ले भी दिया गया है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article