ऑटो न्यूज़

लॉन्च से पहले दिखी Harley-Davidson Sprint 440, जानें बाइक में क्या होगा खास

हार्ले-डेविडसन और हीरो मोटोकॉर्प की साझेदारी में तैयार हो रही नई क्रूजर बाइक Sprint 440 को लॉन्च से पहले शोरूम में देखा गया है। इस बाइक की ऊंचाई X440 के मुकाबले कम हो सकती है।

Image

लॉन्च से पहले नजर आई Harley-Davidson Sprint 440 (Representative image)

हार्ले-डेविडसन (Harley Davidson) और हीरो मोटोकॉर्प की साझेदारी में तैयार हो रही नई क्रूजर बाइक Sprint 440 लॉन्च से पहले शोरूम में नजर आई है। कंपनी ने अक्टूबर की शुरुआत में इस बाइक का टीजर जारी किया था। अब इसकी सामने आई तस्वीरों से संकेत मिलते हैं कि बाइक का प्रोडक्शन मॉडल तैयार है और इसे जल्द लॉन्च किया जा सकता है। यह X440 और X440 T के बाद दोनों कंपनियों की साझेदारी में आने वाली तीसरी बाइक होगी।

डिजाइन

Sprint 440 को ट्रेडिशनल क्रूजर बाइक जैसा लुक दिया गया है। इसमें गोल आकार का फ्यूल टैंक, नीचे की ओर बनी सिंगल-पीस सीट और राइडर के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए जगह मिलेगी। इसकी सीट की ऊंचाई X440 के मुकाबले कम नजर आती है, जिससे कम हाइट वाले राइडर्स के लिए भी इसे संभालना आसान हो सकता है।

बाइक में ऊपर की ओर उठा हैंडलबार और थोड़ा आगे की तरफ रखे गए फुटपेग मिलेंगे। इसके अलावा, इसका फ्रंट व्हील पिछले व्हील से बड़ा दिखाई देता है। मौजूदा X440 और X440 T में आगे 18 इंच और पीछे 17 इंच के व्हील मिलते हैं। Sprint 440 में व्हील या टायर के आकार में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इंजन और परफॉर्मेंस

नई Sprint 440 में मौजूदा X440 सीरीज वाला 440cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है। X440 और X440 T में यह इंजन 27hp की पावर और 38Nm का टॉर्क देता है। हालांकि, Sprint 440 के लिए इंजन की ट्यूनिंग में बदलाव होगा या नहीं, यह जानकारी अभी साफ नहीं हुई है।

क्रूजर बाइक के हिसाब से बेहतर लो-एंड परफॉर्मेंस देने के लिए कंपनी इसके स्प्रोकेट सेटअप में बदलाव कर सकती है। इसका एग्जॉस्ट भी अलग दिखाई देता है, जिससे बाइक की आवाज में अंतर होने की संभावना है।

फीचर्स और हार्डवेयर

Sprint 440 में नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और बदले हुए स्विचगियर मिलने के संकेत हैं। हालांकि, इसमें राइड-बाय-वायर सिस्टम, राइडिंग मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे या नहीं, यह अभी क्लियर नहीं है। सस्पेंशन के लिए आगे यूएसडी फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर मिलने की उम्मीद है।

कितनी होगी कीमत?

फिलहाल कंपनी ने Sprint 440 की लॉन्च डेट और कीमत का खुलासा नहीं किया है। मौजूदा Harley-Davidson X440 की कीमत 2.35 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि X440 T की कीमत 2.86 लाख रुपये तक जाती है। ऐसे में Sprint 440 की कीमत भी इसी रेंज में रहने की संभावना है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article