ऑटो न्यूज़

मई में बिकीं रिकॉर्ड 25.31 लाख गाड़ियां, EV की हिस्सेदारी पहली बार 11% के पार: FADA

बीते महीने मई में गाड़ियों की कुल रिटेल सेल में सालाना आधार पर 9.55 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पहली बार बिक्री में ईवी की हिस्सेदारी भी 11 प्रतिशत से अधिक रही।

Image

FADA (Photo: iStock)

देश में वाहनों की कुल रिटेल सेल मई में 9.55 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 25,31,067 यूनिट पर पहुंच गई, जबकि पहली बार इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत के पार चली गई।

उद्योग निकाय फाडा (Federation of Automobile Dealers Associations) की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, देश में गाड़ियों की कुल रिटेल सेल पिछले महीने मई में 9.55 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 25,31,067 यूनिट पर पहुंच गई। वहीं, पहली बार इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत के पार दर्ज की गई। पश्चिम एशिया संकट के बीच पिछले महीने ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बाद हरित वाहनों में रुचि बढ़ने की वजह से ईवी की बिक्री में हिस्सेदारी बढ़ी।

दोपहिया ईवी हिस्सेदारी बढ़कर 9.25 प्रतिशत हुई

न्यूज एजेंसी पीटीआई (भाषा) की एक लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, फाडा ने कहा, "मई में ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बाद उपभोक्ताओं की शानदार प्रतिक्रिया देखी गई। डीलरों ने ईंधन-किफायती और वैकल्पिक पावरट्रेन विकल्पों के बारे में जानकारी हासिल करने के मामलों में वृद्धि की जानकारी दी, जिसका असर दोपहिया ईवी हिस्सेदारी के 6.11 प्रतिशत से बढ़कर 9.25 प्रतिशत होने में दिखा।"

यात्री वाहनों की बिक्री में 23.25 प्रतिशत का उछाल

आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहन (पीवी) की खुदरा बिक्री पिछले महीने 23.25 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 4,02,591 यूनिट रही जो मई, 2025 में 3,26,656 यूनिट थी। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी 17,15,581 यूनिट से 7.54 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 18,44,947 यूनिट हो गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 1,11,526 यूनिट रही, जो मई, 2025 की 1,07,688 यूनिट से 3.56 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी 5.29 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने रिकॉर्ड 83,823 यूनिट पर पहुंच गई जो मई, 2025 में यूनिट इकाई थी।

50.52 प्रतिशत डीलरों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद

फाडा (FADA) के अनुसार जून 2026 में ऑटोमोबाइल बाजार का माहौल सकारात्मक तो दिख रहा है, लेकिन कुछ चुनौतियां भी बनी हुई हैं। संगठन का मानना है कि मानसून की अच्छी प्रगति और ग्रामीण क्षेत्रों में नकदी प्रवाह बढ़ने से वाहन बिक्री को समर्थन मिलेगा। हालांकि, ईंधन की कीमतों और अन्य लागतों का दबाव अभी भी बना रह सकता है। डीलरों के बीच भी बाजार को लेकर उम्मीदें अच्छी हैं। करीब 50.52 प्रतिशत डीलरों को बिक्री बढ़ने की उम्मीद है, जबकि 39.90 प्रतिशत का मानना है कि बाजार स्थिर रहेगा। केवल 9.59 प्रतिशत डीलरों ने बिक्री में गिरावट की आशंका जताई है।

मई 2026 में भारतीय ऑटो बाजार ने अच्छा प्रदर्शन किया

फाडा के अध्यक्ष सी. एस. विग्नेश्वर ने बताया कि भीषण गर्मी, ईंधन की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बावजूद मई 2026 में भारतीय ऑटो बाजार ने अच्छा प्रदर्शन किया। मई महीने में कुल 25.31 लाख से अधिक वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 9.55 प्रतिशत ज्यादा है। यात्री वाहन और ट्रैक्टर श्रेणी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया।

मांग मानसून और शादी के सीजन पर निर्भर करेगी

फाडा का कहना है कि आने वाले महीनों में मांग काफी हद तक मानसून, खरीफ फसलों की बुवाई और शादी के सीजन पर निर्भर करेगी। वहीं, रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने से फाइनेंसिंग का माहौल भी सहायक बना हुआ है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article