ऑटो न्यूज़

बारिश में कार का ऐसे रखें ख्याल! मॉनसून में बड़े नुकसान से बचाएंगे ये 8 आसान केयर टिप्स

Monsoon Car Care Tips: मॉनसून में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए कार की लाइट, वाइपर, ब्रेक, एंटी-रस्ट कोटिंग, केबिन एयर फिल्टर और एसी की जांच कराएं। डोर वाइजर और कार परफ्यूम का इस्तेमाल कर केबिन को फ्रेश रखें।

Image

बारिश में कार की सुरक्षा के लिए 8 जरूरी मॉनसून केयर टिप्स, हर कार ऑनर को पता होना चाहिए

Photo : iStock

Monsoon Car Care Tips : मॉनसून के सुहाने मौसम में बारिश की बूंदों के बीच कार ड्राइविंग का मजा ही कुछ और होता है। लेकिन इस हसीन मौसम के साथ आती हैं पानी से लबालब सड़कें, कीचड़ और घंटों लंबा ट्रैफिक जाम। बारिश के दिनों में कार के छोटे-छोटे गैप्स और निचले हिस्सों (अंडरबॉडी) में पानी, मिट्टी और गंदगी जमा होने लगती है, जिससे धीरे-धीरे कार की बॉडी में जंग लगने का खतरा बन जाता है। अपनी कार को मॉनसून के इस नुकसान से बचाने और बेफिक्र होकर सफर का आनंद लेने के लिए समय पर कार की देखभाल बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं वे 8 आसान और कारगर टिप्स, जिनकी मदद से आपकी कार इस पूरे बारिश के मौसम में एकदम दुरुस्त रहेगी।

ब्रेकिंग सिस्टम को दुरुस्त रखें

गीली और फिसलन भरी सड़कों पर सही समय पर ब्रेक लगना सबसे ज्यादा जरूरी है। बारिश का सफर शुरू करने से पहले कार के ब्रेक पैड्स और ब्रेक ऑयल की जांच कराएं। घिसे हुए ब्रेक पैड्स को तुरंत बदलें और ब्रेक के सुचारू काम के लिए असली जेनुइन ब्रेक फ्लूइड का ही इस्तेमाल करें, ताकि अचानक ब्रेक लगाने पर कार स्लिप न हो।

विजिबिलिटी को बनाएं एकदम साफ

बारिश के दौरान सबसे बड़ी समस्या विजिबिलिटी की होती है, जो हादसों का कारण बन सकती है। मॉनसून शुरू होते ही अपनी कार की हेडलाइट्स और टेल-लाइट्स की जांच करें कि वे ठीक से काम कर रही हैं या नहीं। इसके साथ ही कार के वाइपर ब्लेड्स को जरूर चेक करें। अगर वाइपर चलाते समय शीशे पर निशान रह जाते हैं, तो वाइपर ब्लेड को तुरंत बदलवा लें ताकि तेज बारिश में भी आपको सामने का रास्ता एकदम साफ दिखाई दे।

डोर वाइजर का करें इस्तेमाल

बारिश के सुहाने मौसम में कार के शीशे थोड़े खोलकर ताजी हवा का आनंद लेना हर कोई चाहता है, लेकिन डर रहता है कि बारिश का पानी केबिन के अंदर न आ जाए। इस समस्या का सबसे अच्छा समाधान डोर वाइजर (रेन गार्ड) हैं। इन्हें लगाने से आप शीशा थोड़ा नीचे रखकर भी बारिश के पानी को कार के अंदर आने से रोक सकते हैं।

कार को जंग से बचाएं

बारिश और जलभराव वाली सड़कों पर गाड़ी चलाने से कार का निचला हिस्सा लगातार पानी और कीचड़ के संपर्क में आता है। ध्यान न देने पर कार के चेसिस और बॉडी में जंग लग जाती है। इससे बचने के लिए कार के निचले हिस्से पर एंटी-रस्ट कोटिंग कराएं। कार के दरवाजों के कब्जों में जंग न लगे और वे आसानी से खुलें-बंद हों, इसके लिए हिंज रिलीफ वैक्स का इस्तेमाल करें।

बाहरी सफाई का रखें ध्यान

कार को अंदरूनी रूप से दुरुस्त करने के साथ-साथ उसकी बाहरी बॉडी की सफाई भी उतनी ही जरूरी है। कीचड़ और गंदगी साफ करने के लिए हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का उपयोग करें ताकि कार पर खरोंच न आए। विंडस्क्रीन और खिड़कियों के कांच को बेदाग और साफ रखने के लिए साधारण पानी के बजाय कार शैम्पू का इस्तेमाल करें।

कार केबिन को रखें फ्रेश

बारिश के दिनों में कपड़ों या जूतों के जरिए कार के अंदर नमी पहुंच जाती है, जिससे केबिन में सीलन और अजीब सी गंध आने लगती है। कार के अंदर के माहौल को तरोताजा और खुशनुमा बनाए रखने के लिए किसी अच्छी क्वालिटी के कार परफ्यूम का इस्तेमाल करें। मॉनसून के दौरान अपनी गाड़ी की सुरक्षा और बेहतर परफॉरमेंस के लिए हमेशा प्रामाणिक और जेनुइन पार्ट्स व एक्सेसरीज का ही चयन करें। सही देख-रेख से आपकी कार बारिश के पूरे सीजन में बिना किसी परेशानी के आपका साथ निभाएगी।

केबिन एयर फिल्टर बदलें

कार का केबिन एयर फिल्टर हवा में मौजूद धूल, धुएं और प्रदूषकों को रोककर अंदर साफ हवा पहुंचाता है। लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद यह फिल्टर धूल से भर जाता है, जिससे कार का एसी ठीक से काम नहीं करता और अंदर से बदबू आने लगती है। मॉनसून सीजन में केबिन एयर फिल्टर की जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर PM2.5 क्षमता वाला नया जेनुइन फिल्टर लगवाएं।

कार एसी को करें डिसइन्फेक्ट

मॉनसून में नमी बहुत बढ़ जाती है, जिससे विंडस्क्रीन पर धुंध जमने लगती है। इस दौरान नमी के कारण एसी सिस्टम के अंदर फंगस और बैक्टीरिया पनपने का डर रहता है। इससे बचने के लिए 'एसी डिसइन्फेक्टेंट' का उपयोग करें। इसके अलावा एसी की हवा वाली नलियों को साफ करने के लिए एसी इवेपोरेटर क्लीनर का इस्तेमाल करना एक अच्छा विचार है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article