अगर आपकी गाड़ी पर ट्रैफिक चालान (Delhi traffic challan) पेंडिंग है और सप्ताह के पांच दिन बिजी रहने के कारण आप उसका निपटारा नहीं कर पा रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई व्यवस्था शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत राजधानी के सभी जिला अदालत परिसरों में वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट संचालित किए जाएंगे, जहां लोग अपने पेंडिंग ट्रैफिक चालानों का निपटारा करा सकेंगे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य लोगों को छुट्टी के दिन चालान संबंधी मामलों को निपटाने की सुविधा देना और अदालतों में पेंडिंग मामलों का बोझ कम करना है। लंबे समय से कई वाहन मालिक समय की कमी के कारण अपने चालानों का निपटारा नहीं कर पाते थे, जिससे मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही थी।
कब से शुरू होंगे वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट?
दिल्ली में वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट (Weekend Courts) की शुरुआत 5 जुलाई 2026 से होगी। ये अदालतें हर महीने के दूसरे शनिवार और प्रत्येक रविवार को संचालित की जाएंगी। कोर्ट का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। इससे लोगों को सप्ताह के पांच दिन में छुट्टी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे वीकेंड में आसानी से अपने मामलों का निपटारा कर सकेंगे।
किन जगहों पर मिलेगी सुविधा?
वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट दिल्ली के प्रमुख जिला अदालत परिसरों में लगाए जाएंगे। इनमें पटियाला हाउस कोर्ट, साकेत कोर्ट, कड़कड़डूमा कोर्ट, रोहिणी कोर्ट, तीस हजारी कोर्ट और द्वारका कोर्ट शामिल हैं। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार संबंधित अदालत में पहुंचकर चालान का निपटारा करा सकेंगे।
किन चालानों का होगा निपटारा?
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन अदालतों में केवल कंपाउंडेबल ट्रैफिक चालान और नोटिसों का निपटारा किया जाएगा। यह सुविधा निजी और व्यावसायिक दोनों तरह की गाड़ियों के लिए उपलब्ध होगी। हालांकि, एक गाड़ी से जुड़े अधिकतम 20 चालान ही एक बार में सुनवाई के लिए लिए जाएंगे।
चालान कैसे डाउनलोड करें?
लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली पुलिस एक विशेष ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध करवा रही है। 25 जून 2026 से वाहन मालिक अपने पेंडिंग चालानों को ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद चालान की कॉपी लेकर संबंधित वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
चालान डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट:
[https://traffic.delhipolice.gov.in/evecourtddc]
नागरिकों को क्या होगा फायदा?
वीकेंड ट्रैफिक कोर्ट की शुरुआत से हजारों वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब लोगों को ऑफिस से छुट्टी लेकर अदालत जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही, पेंडिंग चालानों का तेजी से निपटारा होगा और अदालतों पर बढ़ता दबाव भी कम होगा। यह पहल ट्रैफिक नियमों के बेहतर अनुपालन और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
