Citroen Basalt SUV Price Hike: सिट्रॉएन इंडिया ने अपनी बसाल्ट एसयूवी की कीमत 28,000 रुपये तक बढ़ाने की घोषणा कर दी है। अब इस एयसूवी की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 8.25 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 14 लाख रुपये तक जाती है। दुनिया की सबसे पुरानी कार निर्माताओं में एक है और भारतीय मार्केट में पैर जमाने का ये भरपूर प्रयास कर रही है। कंपनी ने सी3 लाइनअप को नए और बेहतर फीचर्स से अपडेट किया, इसके अलावा बहुत आकर्षक कीमत पर बसाल्ट एसयूवी को लॉन्च किया है। सिट्रॉएन कारें ग्राहकों का दिल नहीं जीत पा रही हैं। नवंबर में कंपनी ने भारत में कुछ 500 से ज्यादा यूनिट बेची हैं। हालात ये हैं कि पिछले महीने पूरे देश में सिट्रॉएन बसाल्ट की सिर्फ 47 यूनिट ही बिक पाई हैं। बावजूद इसके कंपनी ने इसकी कीमत बढ़ा दी है।
फीचर्स और एक्विपमेंट्स
सिट्रॉएन बसाल्ट के साथ सी3 एयरक्रॉस की अंडरपिनिंग्स मिली हैं, वहीं इसकी झुकती हुई रूफलाइन इसके पिछले हिस्से में लगे स्पॉइलर तक जाती है। टेललाइट एलईडी जैसी दिखती है, लेकिन ये पारंपरिक लाइट बल्ब वाली है। इसे 5 रंगों - पोलर व्हाइट, स्टील ग्रे, प्लैटिनम ग्रे, गार्नेट रेड और कॉस्मो ब्लू में उपलब्ध कराया गया है। केबिन में झांकें तो अच्छी डिजाइन वाले डैशबोर्ड पर 10.25-इंच सेंट्रल टचस्क्रीन, 7-इंच फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, 15 वाट वायरलेस फोन चार्जर, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले जैसे कई फीचर्स मिले हैं।
सनरूफ नदारद, दमदार इंजन
भारत में ग्राहकों को फिलहाल एसयूवी के साथ सनरूफ बहुत पसंद आ रही है, हालांकि सिट्रॉएन ने बसाल्ट के साथ पैनोरमिक सनरूफ नहीं दी है। ये फीचर टाटा कर्व के साथ मिलने वाला है। कंपनी ने इस कूपे एसयूवी के साथ 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन दिया है जो 81 बीएचपी ताकत और 115 एनएम पीक टॉर्क बनाता है। ये 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है। इसके अलावा 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी बसाल्ट को मिला जो 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस है। ये दमदार इंजन 108 बीएचपी ताकत और 195 से 210 एनएम तक पीक टॉर्क जनरेट करता है। दावा है कि ये 19.5 किमी/लीटर तक माइलेज देता है।
