क्रिकेट

IND vs WI: समय से पहले भुवनेश्वर कुमार की वापसी, वेस्टइंडीज के खिलाफ फाइनल T20 में चोटिल अर्शदीप की जगह लेंगे

Bhuvneshwar Kumar Comeback: अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की कुछ ही दिन पहले तब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी तय हो गई थी, जब उनको न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था। लेकिन किसी को क्या पता था कि उनकी वापसी उससे पहले ही हो जाएगी। दरअसल, कल (शनिवार) बेंगलुरू में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले अंतिम व निर्णायक टी20 मैच में चोटिल अर्शदीप सिंह की जगह भुवी को शामिल किया गया है।

Image

भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में जल्दी हो गई वापसी, शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेंगे (BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज 2026
  • भुवनेश्वर कुमार पांचवें टी20 में अर्शदीप सिंह की लेंगे जगह
  • न्यूजीलैंड दौरे से पहले ही होगी भुवी की टीम इंडिया में वापसी

IND vs WI 5th T20I, Bhuvneshwar Kumar Comeback: टीम इंडिया जब शनिवार (17 अक्टूबर) को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के अंतिम व निर्णायक मुकाबले में मैदान पर उतरेगी तो फैंस को एक खास बात भारतीय टीम में नजर आने वाली है। दरअसल, पिछले मैच में चोटिल हुए अर्शदीप सिंह आखिरी टी20 मैच से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हो गई है। वैसे तो भुवनेश्वर की वापसी न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित टीम में हो चुकी है, वो चार साल बाद टीम इंडिया में लौट रहे हैं। लेकिन शायद ही किसी को पता है कि न्यूजीलैंड जाने से पहले ही भुवनेश्वर कुमार यहां खेलते नजर आएंगे।

बीसीसीआई की चयन समिति ने कुछ ही दिन पहले आगामी न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया ए और भारतीय टी20 टीम का ऐलान किया था। इस दौरे पर भारत पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा। इस टी20 टीम की सबसे खास बात ये है कि लंबे वक्त बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने वापसी की।उन्होंने अपना आखिरी टी20 मुकाबला नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसे संयोग ही कहा जा रहा था कि उनकी वापसी भी न्यूजीलैंड के खिलाफ ही हो रही है। हालांकि, किस्मत इस समय भुवनेश्वर पर मेहरबान है और उन्हें वापसी का मौका भारतीय फैंस के सामने बेंगलुरू में ही मिलने जा रहा है। गौरतलब है कि भुवनेश्वर आईपीएल में आरसीबी से खेलते हैं बेंगलुरू आईपीएल में उनका होम ग्राउंड हैं जहां पिछले ही साल उन्होंने अपनी टीम की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई और आईपीएल सीजन में सर्वाधिक विकेट भी लिए।

क्या कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में शामिल किया जाएगा?

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम अपनी सपाट पिच और छोटी बाउंड्री के कारण गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने जैसा है। हालांकि, अक्टूबर 2024 में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद से यहां कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला गया है, और इस दौरान IPL के कुछ मैचों को छोड़कर यहां कोई बड़ा मुकाबला भी नहीं हुआ है। पिच से इस अनभिज्ञता (अनजान होने) के कारण दोनों टीमों के बीच का अंतर कुछ हद तक कम हो सकता है। ऐसे में, भारत कुलदीप यादव को वापस टीम में शामिल करने के बारे में सोच सकता है।

तीसरे और चौथे मैच में बाहर बैठे कुलदीप यादव (लेफ्ट-आर्म रिस्ट-स्पिनर) टीम को कुछ अनुभव दे सकते हैं, जो अभी मुख्य रूप से अब भुवनेश्वर कुमार और अक्षर पटेल पर निर्भर है। भुवी चार साल में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे और अक्षर ने अब तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, लेकिन बल्लेबाजी के लिए मददगार पिचों ने उनकी धार को कुछ हद तक कम कर दिया है। प्रिंस यादव, मयंक यादव, धीर और रेड्डी कैरेबियाई बल्लेबाजों को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं रहे हैं, हालाँकि इसमें पूरी तरह से उनकी गलती भी नहीं है। इसलिए, सीरीज के निर्णायक मुकाबले के लिए टीम मैनेजमेंट किसी अनुभवी खिलाड़ी को टीम में शामिल करना चाहेगा। मिडिल ओवरों में रनों की गति को रोकने की कुलदीप की क्षमता काफी काम आ सकती है, खासकर तब जब मेहमान टीम के कप्तान शाई होप और आक्रामक बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड लंबी पारी खेलने की कोशिश करें।

होप और रदरफोर्ड दोनों ही भारत के लिए बड़ी मुसीबत बने हुए हैं; उन्होंने क्रमशः 261 और 221 रन बनाए हैं और सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में टॉप पर हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article