शहर

छत्तीसगढ़ में आदमखोर तेंदुए का आतंक, दो लोगों को उतारा मौत के घाट, तीन दिन तक दहशत फैलाने के ग्रामीणों ने दबोचा

Dhamtari Leopard Attack: धमतरी जिले में एक खूंखार आदमखोर तेंदुए ने तीन दिनों तक जमकर दहशत मचाई। इस दौरान तेंदुए ने 19 लोगों पर हमला किया, जिसमें से दो लोगों की मौत हो गई।

Image

छत्तीसगढ़ में तेंदुए का आतंक (फोटो साभार- TNN)

Dhamtari Leopard Attack: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक खूंखार आदमखोर तेंदुए ने तीन दिनों तक दहशत मचा कर रखी। सीतानदी टाइगर रिजर्व के नगरी ब्लॉक के तीन गांवों में तेंदुए ने 19 से अधिक लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 25 वर्षीय गर्भवती महिला रामशिला मांडवी और 45 वर्षीय प्रभु लाल मंडावी शामिल हैं। रामशिला बस्तर बुडरा गांव की रहने वाली थी और 5 माह की गर्भवती थी। तेंदुए के हमले में कई लोगों के सिर, गले, हाथ-पैर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।

तीन दिन तक चला आदमखोर तेंदुए का आतंक

यह आतंक 14 अक्टूबर से शुरू हुआ था और 16 अक्टूबर सुबह 7:30 बजे आमानारा गांव में खत्म हुआ। बताया जा रहा है कि यह इलाका सीतानदी उदंती टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है, जिसमें कारीपानी, बस्तर बुडरा और आमानारा जैसे 12 गांव आते हैं। तीन दिन से लोग घरों में कैद होने को मजबूर थे। आज सुबह तेंदुआ आमानारा गांव में घुसा और तीन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इसी दौरान उसने 3 वर्षीय बच्ची सुहानी मरकाम पर हमला करने की कोशिश की। तभी बच्ची के पिता सुरेश मरकाम ने हिम्मत दिखाते हुए पीछे से तेंदुए को धर दबोचा। पहले से घात लगाए बैठे ग्रामीणों ने लाठी, डंडा और रस्सी से तेंदुए को जकड़ लिया।

तेंदुए में रेबीज होने की आशंका

इस साहसिक काम में गांव के छोटे बच्चे भी शामिल रहे। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल सफारी रायपुर ले जाने की बात कही है। डीएफओ वरुण जैन के मुताबिक विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल सफारी से टीम बुलाई थी, थर्मल ड्रोन कैमरे और पिंजरे भी लगाए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार ग्रामीणों ने ही उसे पकड़ लिया। तेंदुए में रेबीज होने की आशंका जताई जा रही है।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

फिलहाल घायलों का इलाज नगरी सिविल अस्पताल, धमतरी जिला अस्पताल और कांकेर अस्पताल में चल रहा है। कई लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। तीन दिन बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article