ऑटो न्यूज़

SIAM: अप्रैल में दोपहिया वाहनों ने मारी बाजी, 31 फीसदी बढ़ी बिक्री, जानें कार और दूसरों का हाल

SIAM Vehicle Sales: दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 17,51,393 यूनिट हो गई, जबकि अप्रैल, 2023 में यह 13,38,588 इकाई थी।मोटरसाइकिल बिक्री 34 प्रतिशत बढ़कर 11,28,192 यूनिट रही जो अप्रैल, 2023 में 8,39,274 यूनिट थी।

Image

वाहनों की बिक्री बढ़ी

SIAM Vehicle Sales:भारत में यूटिलिटी वाहनों की मजबूत मांग के दम पर अप्रैल में यात्री वाहनों की होलसेल बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहनों की थोक बिक्री अप्रैल में सालाना आधार पर 1.3 प्रतिशत बढ़कर 3,35,629 यूनिट हो गई। अप्रैल, 2023 में यह 3,31,278 यूनिट थी। इस दौरान यूटिलिटी वाहनों की बिक्री पिछले महीने 1,79,329 इकाई रही, जो अप्रैल, 2023 की 1,48,005 इकाई से 21 प्रतिशत अधिक है। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कितने बिके दोपहिया वाहन

आंकड़ों के अनुसार, पिछले महीने दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 17,51,393 यूनिट हो गई, जबकि अप्रैल, 2023 में यह 13,38,588 यूनिट थी।मोटरसाइकिल बिक्री 34 प्रतिशत बढ़कर 11,28,192 यूनिट रही जो अप्रैल, 2023 में 8,39,274 यूनिट थी। स्कूटर की थोक बिक्री सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 5,81,277 यूनिट हो गई जबकि पिछले साल अप्रैल में यह 4,64,389 यूनिट थी।

तिपहिया वाहन कितने बिके

तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने 14.5 प्रतिशत बढ़कर 49,116 यूनिट हो गई, जबकि अप्रैल 2023 में यह 42,885 यूनिट थी।सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2024-25 की शुरुआत मोटर वाहन उद्योग के लिए काफी अच्छी रही है। सभी कैटेगरी ने अप्रैल, 2023 की तुलना में अप्रैल, 2024 में वृद्धि दर्ज की है।हालांकि, यात्री कारों की बिक्री 23 प्रतिशत घटकर 96,357 इकाई रह गई, जो अप्रैल, 2023 में 1,25,758 इकाई थी। पिछले महीने वैन की बिक्री 15 प्रतिशत बढ़कर 12,060 यूनिट हो गई, जो अप्रैल, 2023 में 10,508 इकाई थी। विनोद के अनुसार मानसून में सामान्य से अधिक बारिश, चुनाव के बाद नीति की निरंतरता और विनिर्माण व बुनियादी ढांचे पर सरकार का जोर समग्र आर्थिक वृद्धि को गति देगा। इससे मोटर वाहन क्षेत्र की वृद्धि जारी रखने में मदद मिलेगी।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article