ऑटो न्यूज़

ऑटो सेक्टर की दमदार शुरुआत: यात्री वाहनों की थोक बिक्री में जनवरी में 13 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल

उद्योग जगत के संगठन सियाम के अनुसार, यात्री वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की जनवरी 2026 में थोक बिक्री अब तक की सबसे अधिक रही, जो बीते वर्ष जनवरी की तुलना में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्शाती है।

Auto Sales January

वाहनों की थोक बिक्री में जबरदस्त उछाल (Photo: iStock)

उद्योग जगत के संगठन सियाम की ओर से दी गई लेटेस्ट जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जनवरी में घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। जनवरी में घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री बढ़कर 4,49,616 यूनिट हो गई, जो कि इससे पिछले वर्ष जनवरी में 3,99,386 यूनिट दर्ज की गई थी।

दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री

भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने बयान में कहा कि जनवरी में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी 26 प्रतिशत बढ़कर 19,25,603 यूनिट हो गई जबकि पिछले साल जनवरी में दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री 15,26,218 यूनिट दर्ज की गई थी।

स्कूटर-मोटरसाइकल और तिपहिया वाहनों की बिक्री

स्कूटर की बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 37 प्रतिशत बढ़कर 7,50,580 यूनिट हो गई जबकि मोटरसाइकिल की थोक बिक्री 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 11,26,416 यूनिट रही। बयान के अनुसार, तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 30 प्रतिशत दर्ज की गई, जो कि बढ़कर 75,725 यूनिट हो गई। इससे पिछले साल जनवरी 2025 में तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री 58,167 यूनिट दर्ज की गई थी।

वाहनों की थोक बिक्री अब तक की सबसे अधिक

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, "यात्री वाहन, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की जनवरी 2026 में थोक बिक्री अब तक की सबसे अधिक रही, जो जनवरी 2025 की तुलना में दोहरे अंकों की वृद्धि दर्शाती है।" उन्होंने कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दर में कटौती के बाद निरंतर मांग से पिछली तिमाही में देखी गई मजबूत गति को बरकरार रखते हुए नए साल की शुरुआत सकारात्मक रही है। मेनन ने कहा कि देश के मैन्युफैक्चरिंग बेस को मजबूत करने के लिए केंद्रीय बजट 2026 में घोषित पहलों और मौजूदा नीतिगत अनुकूल परिस्थितियों से इस क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही, मध्यम अवधि में वृद्धि को समर्थन मिलने की भी उम्मीद है।

शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article