शहर

राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा रद्द होने पर भड़की कांग्रेस; अजय राय बोले- 'सरकार के दबाव में लिया गया फैसला'

राहुल गांधी के प्रयागराज में प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने पर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव के कारण अनुमति वापस ली गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर हाल में 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे।

Image

राहुल गांधी के प्रयागराज दौर पर अजय राय बोले- दबाव में निरस्त किया गया कार्यक्रम

Photo : Times Now Digital

Rahul Gandhi Prayagraj Visit: प्रयागराज में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम की अनुमति निरस्त होने के बाद सियासी पारा बढ़ गया है। इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम की अनुमति पहले ही विधिवत मिल चुकी थी, लेकिन बाद में भाजपा सरकार के दबाव में इसे निरस्त कर दिया गया।

30 जुलाई को मिली थी कार्यक्रम की अनुमति

अजय राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि केपी ट्रस्ट ने छात्रों से संवाद के लिए राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति 30 जुलाई को ही दे दी थी। उस समय ट्रस्ट की ओर से कोई आपत्ति या शर्त सामने नहीं रखी गई थी। उन्होंने कहा कि अगर कार्यक्रम में कोई समस्या होती तो शुरुआत में ही अनुमति नहीं दी जाती। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि के.पी. ट्रस्ट ने यह फैसला स्वतंत्र रूप से नहीं, बल्कि राज्य सरकार के भारी दबाव में आकर लिया है।

कोटा और देहरादून में कार्यक्रम में बाधाएं डालने का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराई हुई है और इसी कारण से उनके कार्यक्रमों में लगातार बाधाएं डाली जा रही हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी के कार्यक्रमों में रोड़ा अटकाया गया हो। अजय राय ने कहा कि इससे पहले राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में भी राहुल गांधी के कार्यक्रमों को रोकने का प्रयास किया गया था। हालांकि बाद में दोनों जगह प्रशासन को अनुमति देनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि प्रयागराज में भी छात्रों के दबाव के चलते सरकार को अनुमति देनी ही पड़ेगी।

'राहुल गांधी हर हाल में प्रयागराज आएंगे'

अजय राय ने स्पष्ट कहा कि राहुल गांधी 8 अगस्त को हर हाल में प्रयागराज आएंगे और छात्रों के साथ संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है और इसका मकसद छात्रों के भविष्य, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।

वैकल्पिक स्थान देने की मांग

कांग्रेस ने प्रशासन से कार्यक्रम के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है। अजय राय ने सुझाव दिया कि स्काउट गाइड इंटर कॉलेज या हॉलैंड हॉल का मैदान कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि छात्र-संवाद सुचारु रूप से आयोजित हो सके।

सरकार पर लगाए राजनीतिक आरोप

अजय राय ने कहा कि प्रयागराज शहीदों, बहादुरों और संघर्ष की धरती है, जहां देशभर से छात्र अपने भविष्य को संवारने आते हैं। उन्होंने कहा कि यहां से बच्चे आईएएस और पीसीएस बनकर निकलते हैं। राहुल गांधी इन छात्रों के भविष्य पर उनसे सीधी चर्चा करना चाहते हैं। अजय राय ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार राहुल गांधी के बढ़ते जनसमर्थन से चिंतित हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी तय कार्यक्रम के अनुसार प्रयागराज पहुंचेंगे और छात्रों से संवाद करेंगे।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article