उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा इलाके में स्मार्ट शौचालय के पास एक गदेरा अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में मलबा, बोल्डर और पानी केदारनाथ हाईवे पर आ गया, जिससे रास्ते पर अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबे कई वाहन
गदेरे के तेज बहाव के कारण कई वाहन मलबे की चपेट में आ गए। घटना के समय हाईवे से गुजर रहे यात्रियों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। लोगों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद पूरी रात इलाके में डर का माहौल बना रहा।
यात्रा मार्ग हुआ बाधित
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गदेरा ने कुछ ही मिनटों में गदेरा रूप धारण कर गया और भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया। इससे केदारनाथ हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और यात्रा प्रभावित हुई।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और मलबे में दबे वाहनों को निकालने का काम किया जा रहा है।
नुकसान का किया जा रहा आकलन
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि भारी बारिश के कारण गदेरा अचानक उफान पर आ गया। जिससे हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है। मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने की कोशिश की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान बेवजह यात्रा से बचने और मौसम विभाग व प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश की वजह से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और गदेरों के उफान का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
