स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जोस बटलर ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच खेले गए 'द हंड्रेड' (मेंस) मैच में इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के पूर्व कप्तान को कीरोन पोलार्ड के 14,803 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 22 रनों की जरूरत थी। उन्होंने सिर्फ 20 गेंद पर नाबाद 51 रन बनाए और अब टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बटलर ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
वेल्श फायर के खिलाफ 'द हंड्रेड' का मैच बटलर का 522वां T20 मैच था और अब उनके नाम 492 पारियों में 14,833 रन दर्ज हैं। पोलार्ड अब 746 T20 मैचों की 663 पारियों में 14,803 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने इस साल की शुरुआत में T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का क्रिस गेल का लंबे समय से चला आ रहा रिकॉर्ड तोड़ा था, लेकिन अब वे दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। गेल, जिन्होंने 463 T20 मैचों में 14,562 रनों के साथ अपना करियर खत्म किया, इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। उनके बाद एलेक्स हेल्स (14,449) और डेविड वॉर्नर (14,284) का नंबर आता है।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज-
- जोस बटलर- 14833
- कीरोन पोलार्ड- 14803
- क्रिस गेल- 14562
- एलेक्स हेल्स- 14449
- डेविड वॉर्नर- 14284
आईपीएल में भी चला है बटलर का बल्ला
बटलर ने 160 T20I मैचों में 4,212 रन और 31 मेन्स हंड्रेड मैचों में 1,192 रन बनाए हैं। उन्होंने IPL में मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स जैसी तीन टीमों का प्रतिनिधित्व भी किया है और सात शतक व 28 अर्धशतकों की मदद से 4,646 रन बनाए हैं।
एक विकेट खोकर जीता मैच
मैच में वेल्श फायर के खिलाफ बटलर की नाबाद हाफ-सेंचुरी की मदद से मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सिर्फ 69 गेंद में और सिर्फ एक विकेट खोकर 156 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। बटलर ने इस सीजन में MSG के लिए छह मैचों में चार हाफ-सेंचुरी लगाई हैं। 277 रनों के साथ, वह इस साल के टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यााद रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
