TATA ने 17,000 रुपये तक बढ़ाई अपनी सभी कारों की कीमत, पंच से नैक्सॉन तक सब हुईं महंगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 28, 2022, 03:24 PM IST

Tata Motors ने 9 जुलाई से अपने सभी पैसेंजर वाहनों की कीमत में 17,000 रुपये तक इजाफा कर दिया है जो खरीदे जा रहे वेरिएंट पर निर्भर करेगा. कंपनी ने नैक्सॉन से लेकर पंच और हैरियर से लेकर सफारी की कीमत बढ़ा दी है.

TATA ने 17,000 रुपये तक बढ़ाई अपनी सभी कारों की कीमत, पंच से नैक्सॉन तक सब हुईं महंगी

Tata Cars Price Hike: वाहन निर्माता कंपनियां भारतीय मार्केट में आए दिन लागत मूल्य में बढ़ोतरी का हवाला देकर लगातार गाड़ियों की कीमत में इजाफा कर रही हैं. टाटा मोटर्स ने इस महीने की शुरुआत में अपने सभी पैसेंजर वाहनों की कीमत में 0.55 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया था जो 9 जुलाई 2022 से लागू कर दी गई हैं. अब सभी टाटा कारों के दाम 17,000 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं जो खरीदे जाने वाले मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करता है. पैसेंजर वाहनों के अलावा कंपनी ने हाल में अपने सभी कमर्शियल वाहनों की कीमत में भी इजाफा कर दिया है. 

नैक्सॉन की कीमत में सबसे बड़ा इजाफा 

टाटा मोटर्स ने ग्राहकों के बीच पॉपुलर नैक्सॉन एसयूवी के दाम में सबसे बड़ी बढ़ोतरी की है, अब ये एसयूवी 17,000 रुपये तक महंगी हो गई है जो वेरिएंट पर निर्भर करता है. इसके अलावा कंपनी ने टाटा सफारी की कीमत में भी 15,000 रुपये तक इजाफा किया है जो चुने गए मॉडल के हिसाब से कम या ज्यादा हो सकता है. अल्ट्रोज के ग्राहकों को भी अब ये प्रीमियम हैचबैक खरीदना 12,000 रुपये तक महंगा पड़ने वाला है. 

किफायती पंच भी अब हुई महंगी 

टाटा मोटर्स की ताजा मिनी एसयूवी ग्राहकों को काफी पसंद आ रही है, लेकिन अब इसे खरीदना 10,000 रुपये तक महंगा हो गया है. टाटा हैरियर की कीमत में भी 10,000 रुपये का इजाफा देखने को मिला है. इन सबके अलावा टाटा ने टिआगो एनआरजी और टिगोर रेंज की कीमत में भी 5,000 रुपये तक बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने टाटा नैक्सॉन ईवी और नैक्सॉन ईवी मैक्स की कीमत में भी इजाफा कर दिया है जिसकी जानकारी हम आपको पहले ही दे चुके हैं. बता दें कि नैक्सॉन ईवी का नाम अब नैक्सॉन ईवी प्राइम कर दिया गया है. 

End of Article