Royal Enfield Hunter 350: रॉयल एनफील्ड की हंटर 350 का जलवा लॉन्च से पहले ही मार्केट में शुरू हो चुका है और अब तक इस बाइक की साफ फोटोज सामने नहीं आ सकी थीं. लेकिन अब रॉयल एनफील्ड के मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ लाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी किया है जिसमें उन्होंने हंटर 350 से पर्दा हटा लिया है. इस वीडियो में लुक के अलावा नई मोटरसाइकिल का साउंड भी सुना जा सकता है जो शानदार है. 2022 कंपनी के लिए काफी दिलचस्प बनता जा रहा है और रॉयल एनफील्ड स्क्रैम 411 के बाद बारी आएगी रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 की और इसी साल शॉटगन 650 भी भारत में लॉन्च की जा सकती है. (वीडियोः साभार सिद्धार्थ लाल इंस्टाग्राम)
रेट्रो स्टाइल वाली मॉडर्न क्लासिक डिजाइन
रॉयल एनफील्ड की नई हंटर 350 को रेट्रो स्टाइल की मॉडर्न क्लासिक थीम पर तैयार किया गया है. नई मोटरसाइकिल 1960 के दशकी की क्लासिक 350 से प्रेरित है जिसे कुछ स्पोर्टी और कुछ रोड्सटर अंदाज में लाया जाएगा. हालांकि बाइक को निओ रेट्रो वाले पुर्जे मिलेंगे जिनमें गोल हेडलैंप, गोल टर्न इंडिकेटर्स और रियर व्यू मिरर्स के साथ छोटा राउंड टेललाइट शामिल हैं. नई बाइक के साथ गोल साइज का सिंगल पीस इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलेगा और ब्लूटूथ के साथ ट्रिपर नेविगेशन विकल्प में उपलब्ध कराए जाएंगे.
बनेगी सबसे सस्ती रॉयन एनफील्ड!
बाइक के पिछले हिस्से को खुला-खुला सा रखा गया है जो इसके निओ रेट्रो लुक में इजाफा करता है. बाइक को सिंगल पीस सीट मिलेगी जिसपर यात्रा करना काफी आरामदायक होगा. स्पोर्टी अंदाज देने के लिए बाइक में काफी काम किया गया है. अनुमान है कि नई हंटर 350 की कीमत क्लासिक 350 और मीटिओर 350 दोनों से कम होगी और इसके सबसे सस्ती रॉयल एनफील्ड बनकर सामने आने के कयास भी लगाए जा रहे हैं. कंपनी नई हंटर 350 की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये के आस-पास रख सकती है. मुकाबले पर नजर डालें तो सेगमेंट में इसे होंडा सीबी 350 आरएस और जावा 42 टक्कर देंगी.

