Ola की नई इलेक्ट्रिक कार होगी शानदार, लेकिन काफी महंगी, मिडिल क्लास हैं तो भूल जाएं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2022, 12:30 PM IST

Ola Electric ने नया इलेक्ट्रिक स्कूटर S1 लॉन्च करने के साथ अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार की नई झलक जारी की है जिसमें ये बहुत खूबसूरत लग रही है. हालांकि इसकी अनुमानित कीमत काफी ज्यादा है.

Ola की नई इलेक्ट्रिक कार होगी शानदार, लेकिन काफी महंगी, मिडिल क्लास हैं तो भूल जाएं

Ola Electric Car Expected Price: ओला इलेक्ट्रिक ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर के बाद अब पूरी तरह बैटरी से चलने वाली कार तैयार कर रही है. ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर S1 लॉन्च करने के बाद कंपनी के फाउंडर और सीईओ भाविश अग्रवाल ने कहा कि नई ओला इलेक्ट्रिक कार प्रीमियम कैटेगिरी की होगी और इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये के आस-पास होगी. नई कार भारत की सबसे तेज रफ्तार बैटरी से चलने वाली फोर-व्हीलर बताई जा रही है. कंपनी का दावा है कि सिर्फ 4 सेकंड में ये इलेक्ट्रिक कार 0-100 किमी/घंटा रफ्तार पकड़ लेती है और सिंगल चार्ज में इसे 500 किमी तक चलाया जा सकता है. 

टीजर में और क्या आया सामने 

ओला इलेक्ट्रिक द्वारा जारी टीजर में नई ईवी का चेहरा देखने को मिला है जिसमें एलईडी डीआरएल दिखा है जो एक लाइटबार से जुड़ा हुआ है. इसके बीच में ओला का लोगो लगा हुआ है और कार के पिछले हिस्से में भी अगले हिस्से जैसा एलईडी लाइट पैटर्न दिया गया है. इसके दोनों ओर उभरे हुए फेंडर्स भी आसानी से देखे जा सकते हैं. इसके अगले बंपर पर डिफ्यूजर जैसा पुर्जा दिखाई दे रहा है, इसे देखकर लगता है कि कार के एयरोडायनामिक्स पर भी काफी काम किया गया है. 

2024 तक मार्केट में आएगी कार! 

रिपोर्ट्स में सामने आया है कि कंपनी बहुत जल्द इलेक्ट्रि्रक 4-व्हीलर के लिए एक नया प्रोडक्शन प्लांट शुरू करने वाली है. कंपनी की मानें तो नई ओला इलेक्ट्रिक कार का उत्पादन 2024 की शुरुआत तक चालू हो जाएगा. भाविश अग्रवाल ने कहा कि नया प्रोडक्शन प्लांट जब अपनी पूरी क्षमता से काम करेगा, तब सालाना 10 लाख इलेक्ट्रिक कारें और 1 करोड़ इलेक्ट्रिक स्कूटर्स का उत्पादन किया जा सकेगा. मार्केट में आ जाने के बाद नई इलेक्ट्रिक कार का मुकाबला काफी जोरदार होने वाला है, क्योंकि 2024 तक कई इलेक्ट्रिक कारें बाजार में बिकने लगेंगी. 

End of Article