BMW India Price Hike: लग्जरी कार कंपनियों में ऑडी और मर्सिडीज—बेंज के बाद अब बीएमडब्ल्यू ने भी वाहनों की कीमत जनवरी 2024 से बढ़ाने की घोषणा कर दी है। जर्मनी की लक्जरी कार विनिर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ने विदेशी विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के प्रतिकूल प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए एक जनवरी से अपने सभी मॉडल की कीमतों में दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि ये एक ट्रेंड बन गया है जहां नए साल और नए वित्त वर्ष की शुरुआती में वाहन निर्माता गाड़ियों के दाम बढ़ा देते हैं।
बन गया है एक ट्रेंड
बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष विक्रम पावाह ने बयान में कहा कि बीएमडब्ल्यू इंडिया का सभी मॉडल में मूल्यवृद्धि लागू करने का निर्णय मौजूदा परिप्रेक्ष्य के अनुरूप है। उन्होंने कहा, ‘‘विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और कच्चे माल की बढ़ती लागत के चलते यह मूल्य समायोजन महत्वपूर्ण संतुलन बनाए रखेगा।’’ इस कंपनी ने भी बाकी कंपनियों की तर्ज पर एक राग में लागत मूल्य बढ़ने का हवाला देकर वाहनों की कीमत बढ़ा दी हैं।
क्या फर्क पड़ेगा
बीएमडब्ल्यू इंडिया, बीएमडब्ल्यू 220आई एम स्पोर्ट से लेकर बीएमडब्ल्यू एक्सएम तक कई लक्जरी वाहन बेचती है जिनकी कीमत 43.5 लाख रुपये से 2.6 करोड़ रुपये के बीच है। इससे पहले मारुति सुजुकी, हुंदै मोटर इंडिया, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, होंडा और ऑडी जैसे अन्य यात्री वाहन कंपनियां भी जनवरी से अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने की योजना की घोषणा कर चुके हैं। हालांकि इसका ज्यादा असर ग्राहकों पर नहीं पड़ने वाला है, क्योंकि बीएमडब्ल्यू कारों की कीमत ज्यादा होती है और छोटी बढ़ोतरी से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।
