टोयोटा ने भारत में नई 2026 Toyota Hilux का पहला टीजर जारी कर दिया है। कंपनी इस पिकअप ट्रक को 28 जुलाई को भारतीय बाजार में पेश करेगी। टीजर से साफ संकेत मिलते हैं कि नई Hilux को पहले से ज्यादा आकर्षक फ्रंट डिजाइन, नए फीचर्स और अपडेटेड टेक्नोलॉजी के साथ उतारा जाएगा। हालांकि इसके इंजन में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और कंपनी मौजूदा डीजल पावरट्रेन को ही जारी रख सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई Toyota Hilux की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 35 लाख रुपये हो सकती है। भारत में यह पहले की तरह केवल डबल-कैब (Double-Cab) बॉडी स्टाइल में ही उपलब्ध होगी।
टीजर में क्या-क्या आया नजर?
टोयोटा द्वारा जारी टीजर में पूरी गाड़ी नहीं दिखाई गई है, बल्कि इसके कुछ डिजाइन एलिमेंट्स की झलक देखने को मिली है।
नई Hilux के फ्रंट में पहले से बड़ी ग्रिल दी गई है। इसके साथ पतले LED हेडलैंप देखने को मिलते हैं, जिससे इसका लुक पहले की तुलना में ज्यादा बोल्ड नजर आता है। सबसे खास बदलाव यह है कि फ्रंट ग्रिल पर अब कंपनी का लोगो नहीं, बल्कि बड़े अक्षरों में 'TOYOTA' लिखा हुआ दिखाई देता है।
टीजर में 'Sunglow' नाम का नया गहरे पीले रंग का पेंट शेड भी दिखाया गया है। इसके अलावा ट्रक बेड पर एक रोलबार भी नजर आता है। हालांकि कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह रोलबार स्टैंडर्ड फीचर होगा या फिर एक्सेसरी के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
केबिन में मिल सकते हैं कई बड़े अपडेट
नई Hilux के इंटीरियर में भी कई आधुनिक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसके अलावा इसमें ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, 9-स्पीकर JBL ऑडियो सिस्टम और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी जैसे फीचर्स भी मिलने की संभावना है।
सुरक्षा के मामले में भी होगी मजबूत
नई Toyota Hilux को सुरक्षा के लिहाज से भी काफी बेहतर बनाया जा सकता है। इसमें लेवल-2 ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसमें 7 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), हिल होल्ड कंट्रोल, हिल डिसेंट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और फ्रंट-रियर पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं।
इंजन में नहीं होगा बड़ा बदलाव
नई Hilux में कंपनी मौजूदा 2.8-लीटर डीजल इंजन को ही जारी रख सकती है। यह इंजन 201 हॉर्सपावर की पावर देता है।
मैनुअल गियरबॉक्स के साथ इसका टॉर्क 420 Nm और ऑटोमैटिक वर्जन में 500 Nm रहने की उम्मीद है। इसके साथ 4WD (फोर-व्हील ड्राइव) सिस्टम स्टैंडर्ड तौर पर दिया जा सकता है।
