रॉयल एनफील्ड ने भारतीय बाजार में 2026 Classic 350 को नए अपडेट्स के साथ लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बार बाइक के डिजाइन या इंजन में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन इसे रोजाना इस्तेमाल करने वालों के लिए कुछ जरूरी फीचर्स जोड़े हैं। सबसे बड़ा बदलाव Assist & Slipper Clutch और फास्ट चार्जिंग वाला USB Type-C पोर्ट है। हालांकि ये दोनों फीचर्स केवल डुअल-चैनल ABS वाले वेरिएंट्स में ही उपलब्ध होंगे।
कितनी है कीमत
नई अपडेटेड Classic 350 की कीमत 1.95 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि टॉप वेरिएंट Emerald Green की कीमत 2.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) तक जाती है। वहीं, Redditch Red सिंगल-चैनल ABS वेरिएंट की कीमत 1.87 लाख रुपये रखी गई है, लेकिन इसमें नए फीचर्स नहीं दिए गए हैं।
क्या है नया Assist & Slipper Clutch?
2026 Classic 350 का सबसे बड़ा अपडेट Assist & Slipper Clutch है। यह तकनीक क्लच लीवर को पहले की तुलना में हल्का बनाती है, जिससे शहर के ट्रैफिक में बार-बार क्लच दबाने पर हाथों पर कम दबाव पड़ता है। nइसके अलावा यह सिस्टम तेज गति से गियर डाउन करने के दौरान रियर व्हील के लॉक या उछलने (Rear Wheel Hop) की संभावना भी कम करता है। खासकर पहाड़ी रास्तों या तेज ब्रेकिंग के दौरान यह फीचर राइडिंग को ज्यादा सुरक्षित और स्मूद बनाता है।
अब मिलेगा USB Type-C चार्जिंग पोर्ट
Royal Enfield ने Classic 350 में पहले से मौजूद USB चार्जिंग पोर्ट को भी अपग्रेड किया है। अब बाइक में USB Type-C पोर्ट मिलेगा, जो पहले के मुकाबले स्मार्टफोन और अन्य डिवाइस को तेजी से चार्ज कर सकेगा। जो राइडर्स नेविगेशन के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं या लंबी दूरी की यात्रा करते हैं, उनके लिए यह छोटा लेकिन उपयोगी अपडेट साबित हो सकता है।
किन वेरिएंट्स में मिलेंगे नए फीचर्स?
कंपनी ने साफ किया है कि Assist & Slipper Clutch और USB Type-C पोर्ट केवल डुअल-चैनल ABS वाले वेरिएंट्स में ही उपलब्ध होंगे। वहीं, Redditch Red सिंगल-चैनल ABS वेरिएंट में ये दोनों अपडेट नहीं दिए गए हैं। इसके अलावा, कंपनी ने इस अपडेट के साथ Halcyon Black और Jodhpur Blue कलर ऑप्शन को भी बंद कर दिया है।
इंजन और परफॉर्मेंस में कोई बदलाव नहीं
नई Classic 350 के इंजन और मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले वाला 349cc J-Series सिंगल-सिलेंडर इंजन ही मिलता है। यह इंजन 20.2 हॉर्सपावर की अधिकतम पावर और 27 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। यानी इस अपडेट का असर बाइक की परफॉर्मेंस पर नहीं पड़ेगा, बल्कि इसका उद्देश्य राइडिंग अनुभव को ज्यादा आरामदायक बनाना है।
