कृषि

कुरुक्षेत्र में लगेंगे मवेशिओं के मेले, मिलेंगी गाय-भैंसों की कई बेहतरीन नस्लें

Cattle Fair: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 6 से 8 फरवरी 2026 तक तीन दिन का राज्य स्तरीय मवेशी मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकें और देश की श्रेष्ठ मवेशी नस्लें प्रदर्शित की जाएंगी। राज्यभर के पशुपालक, वैज्ञानिक और उद्यमी इस आयोजन में शामिल होने की संभावना रखते हैं।

Image

कुरुक्षेत्र में तीन दिवसीय मवेशी मेले का आयोजन (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Cattle Fair: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार (6 फरवरी 2026) से तीन दिन तक चलने वाले राज्य स्तरीय मवेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पशुपालन से जुड़ी नई और आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ देश की बेहतरीन मवेशी नस्लों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह मेला 6 से 8 फरवरी तक चलेगा और इसमें राज्य भर से बड़ी संख्या में पशुपालकों, वैज्ञानिकों और उद्यमियों के शामिल होने की उम्मीद है।

पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने पर सरकार का फोकस

कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि पशुपालक बेहतर नस्ल के पशु पालें और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाएं, जिससे वे कम लागत में अधिक मुनाफा कमा सकें। उन्होंने कहा कि पशुपालन आज सिर्फ परंपरागत काम नहीं रह गया है, बल्कि यह रोज़गार और आय का बड़ा साधन बन चुका है।

41वीं राज्य स्तरीय मवेशी प्रदर्शनी

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक मंत्री राणा ने जानकारी दी कि इस मेले के दौरान 41वीं राज्य स्तरीय मवेशी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें लगभग 1,500 उच्च गुणवत्ता वाले पशु भाग लेंगे। इन पशुओं में दुधारू गायें, भैंसें और अन्य उपयोगी नस्लें शामिल होंगी, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा परखा जाएगा।

एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद

मेले में पूरे हरियाणा से करीब एक लाख पशुपालकों, उद्यमियों और वैज्ञानिकों के पहुंचने की संभावना है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह मेला पशुपालकों को नई तकनीक सीखने, सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और आपस में अनुभव साझा करने का अच्छा मंच प्रदान करेगा।

रैंप पर चलेंगे मवेशी, अनोखा शो आकर्षण का केंद्र

पशुपालन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि मेले में एक अनूठा शो भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बेहतरीन नस्लों के मवेशी रैंप पर चलेंगे। यह शो दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा और इससे पशुओं की सुंदरता, शारीरिक बनावट और नस्ल की विशेषताओं को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा।

200 मुफ्त बसों की सुविधा

कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने हर दिन 200 बसों की मुफ्त यात्रा सुविधा का इंतज़ाम किया है। एक सरकारी बयान के अनुसार, ये बसें राज्य के विभिन्न हिस्सों से पशुपालकों और दर्शकों को मेले तक लाएंगी और कार्यक्रम के बाद उन्हें उनके गांवों और कस्बों में वापस छोड़ेंगी।

सरकारी योजनाओं और निजी कंपनियों के स्टॉल

मेले के दौरान कई सरकारी विभाग अपनी जनकल्याण योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाएंगे। इसके साथ ही निजी कंपनियां भी पशुपालन से जुड़े अपने उत्पाद, चारा, दवाइयां और आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन करेंगी। इससे पशुपालकों को नई तकनीक अपनाने में मदद मिलेगी।

तीन दिन, तीन खास मेहमान

‘मवेशी मेले’ का उद्घाटन 6 फरवरी को मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे। दूसरे दिन, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। आखिरी दिन, 8 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे। यह मेला न केवल पशुपालकों को नई दिशा देगा, बल्कि राज्य में पशुपालन को और मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article