Sugarcane Price Hike: हरियाणा सरकार ने दिवाली के मौके पर राज्य के गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने के समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अब हरियाणा में किसानों को देश में सबसे अधिक गन्ना भाव मिलेगा। राज्य सरकार के इस फैसले के तहत अगेती किस्म के गन्ने का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है, जबकि पछेती किस्म के गन्ने का मूल्य 393 रुपये से बढ़ाकर 408 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। यह दरें मौजूदा पेराई सत्र से लागू होंगी।
लाखों गन्ना किसानों को होगा फायदा
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिवाली के अवसर पर यह निर्णय किसानों की मेहनत और उनके समर्पण को सच्ची श्रद्धांजलि है। हमारी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और यह मूल्य वृद्धि उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह मूल्य वृद्धि राज्य के लाखों गन्ना किसानों को सीधा लाभ पहुंचाएगी और उनकी आय में उल्लेखनीय इजाफा करेगी। इसके साथ ही यह कदम हरियाणा को देश का ऐसा राज्य बना देता है, जो गन्ने का सबसे ऊंचा मूल्य दे रहा है।
कृषि अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस फैसले से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि राज्य की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रही है और भविष्य में भी किसान हितैषी नीतियां जारी रहेंगी। सरकार का मानना है कि इस तरह के फैसले राज्य में गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देंगे और युवाओं को भी खेती की ओर आकर्षित करेंगे।
ऐतिहासिक कदम
बयान में इसे एक ऐतिहासिक निर्णय बताया गया है जो किसानों की आर्थिक समृद्धि की दिशा में सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। इस निर्णय से हरियाणा के गन्ना किसानों को न केवल वित्तीय लाभ होगा, बल्कि उन्हें देशभर में एक मिसाल के रूप में भी प्रस्तुत किया जाएगा।
