इमरान खान के छोटे बेटे कासिम खान। फोटो- x/@Kasim_Khan_1999
Where is Imran Khan: अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की बात इस समय पूरी दुनिया में हो रही है। वे कहां हैं और कैसे हैं...पाकिस्तान सरकार और वहां का जेल प्रशासन इसका जवाब दे नहीं रहा है और बाकी लोग इसका जवाब मांग रहे हैं। इमरान खान की मौत या उनके अदियाला जेल से ट्रांसफर सहित कई तरह की अटकलें और अफवाहें कई दिनों से इंटरनेट पर चल रही हैं। कई पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में उनके साथ 'कुछ गलत' होने का भी दावा किया जा रहा है। उनके परिवार को भी लंबे समय से उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। इस बीच, राजनीति से गायब रहने वाले उनके बेटे कासिम खान ने पाकिस्तान सरकार से अपने पिता इमरान खान के जिंदा होने के सबूत मांगे हैं। जिसके बाद कासिम खान अचानक चर्चा में आ गए हैं। हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है। ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं इमरान खान के बेटे कासिम खान...
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने अपने पिता को लेकर पाकिस्तान सरकार से सवाल किए हैं। उन्होंने उनके जिंदा रहने के सबूत मांगे हैं। इतना ही नहीं, कासिम ने इमरान खान के साथ कुछ भी गलत होने की स्थिति में पीएम शहबाज शरीफ समेत जेल प्रशासन को खुली चुनौती भी दे डाली है। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में कासिम खान ने लिखा कि मेरे पिता को गिरफ्तार हुए 845 दिन हो चुके हैं। पिछले छह हफ्तों से उन्हें मौत की सजा वाली कोठरी में बंद किया गया है। अदालत के स्पष्ट आदेश के बाद भी उनकी बहनों को हर मुलाकात से रोक दिया गया है। न कोई फोन कॉल, न कोई मुलाकात, और न ही उनकी जिंदगी की कोई खबर। मैं और मेरा भाई अपने पिता से किसी भी तरह का संपर्क नहीं कर सकते हैं।
कासिम ने आगे लिखा, 'यह पूरी तरह से ब्लैकआउट कोई सुरक्षा प्रोटोकॉल नहीं है। यह उनके हालात को छिपाने और हमारे परिवार को यह जानने से रोकने की एक जानबूझकर की गई कोशिश है कि वह सुरक्षित हैं या नहीं।' उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तानी सरकार और उसके संरक्षकों को मेरे पिता की सुरक्षा और इस अमानवीय एकांत के हर परिणाम की कानूनी, नैतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरी जिम्मेदारी उठानी होगी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, मानवाधिकार संगठनों से भी तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की। इमरान के छोटे बेटे कासिम ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के सबसे लोकप्रिय नेता को सिर्फ राजनीतिक कारणों से कैद किया गया है।
कासिम खान का जन्म 10 अप्रैल 1999 को हुआ था। वह इमरान खान के छोटे बेटे हैं और बचपन से ही अपनी मां जेमिमा के साथ ब्रिटेन में पले-बढ़े। कासिम ने शुरू से ही खुद को राजनीति और सुर्खियों दूर रखा है। उन्होंने इंग्लैंड की ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी के पढ़ाई की है। यहां कासिम ने एंथ्रोपोलॉजी में मास्टर्स किया।
कासिम इस समय 26 साल के हैं। वे ज्यादातर लंदन में ही रहते हैं। उन्होंने 2023 में मिफू ऐप की शुरुआत की थी। मिफू एप डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए मार्केटिंग प्लेटफॉर्म है।