इजराइल हमास शांति वार्ता के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। ट्रंप ने इसी क्रम में यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के ठीक पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से दूसरी मुलाकात की घोषणा कर दी है। पुतिन के साथ ट्रंप की यह मुलाकात हंगरी में होगी।
बुडापेस्ट में होगी पुतिन और ट्रंप की मुलाकात
ट्रंप की यह घोषणा गुरुवार को पुतिन के साथ बातचीत खत्म होने के कुछ ही देर बाद आई। मुलाकात को लेकर अभी तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन ट्रंप ने कहा कि यह मुलाकात हंगरी के बुडापेस्ट में होगी और उन्होंने संकेत दिया कि यह लगभग दो हफ्तों में हो सकती है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा- "मुझे लगता है कि आज की टेलीफोन बातचीत से बड़ी प्रगति हुई है।" इससे पहले दोनों नेताओं की अगस्त में अलास्का में मुलाकात हुई थी, जिसमें कोई कूटनीतिक सफलता नहीं मिली थी, जो अमेरिकी नेता के लिए निराशा का सबब था, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि पुतिन के साथ उनके दीर्घकालिक संबंध लगभग चार साल पहले शुरू हुए संघर्ष को सुलझाने का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।
पुतिन ने टॉमहॉक मिसाइलों को लेकर दी चेतावनी
पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति ने इस बातचीत की पहल की, जिसे उन्होंने "बहुत स्पष्ट और भरोसेमंद" बताया। उन्होंने कहा कि पुतिन ने ट्रंप को स्पष्ट कहा कि यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें बेचना, दोनों देशों के संबंधों को काफी नुकसान पहुंचाएगा"।
दबाब बनाने की कोशिश में ट्रंप
बता दें कि ट्रंप इस दिशा में रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइल देने पर विचार कर रहे हैं ताकि मॉस्को को वार्ता के लिए राजी किया जा सके। हालांकि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सीधे वार्ता कराने की उनकी कोशिशें अब तक नाकाम रही हैं। गाजा में युद्धविराम के बाद ट्रंप ने कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने की दिशा में भी प्रगति होगी। ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच इस साल शुक्रवार को चौथी बैठक होगी।
