दुनिया

Iran-Israel Conflict: 'हम युद्धविराम नहीं, असली अंत की उम्मीद कर रहे हैं, किस ओर इशारा कर रहे हैं ट्रंप, क्या है इरादा?

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 17, 2025, 04:02 PM IST

इजराइल और ईरान के बीच पांचवें दिन भी संघर्ष जारी है और ऐसा लगता है कि इजराइल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए हैं। इन हालात के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान के लोगों को शहर खाली करने की चेतावनी दी है।

Image

ईरान को लेकर क्या है ट्रंप की मंशा?

Photo : AP

Iran-Israel Conflict: इजराइल-ईरान संघर्ष फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है और इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि वह सीजफायर के पक्ष में नहीं हैं। एयर फोर्स वन में बोलते हुए, ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा कि हम युद्ध विराम से बेहतर की उम्मीद कर रहे हैं। फिर उन्होंने स्पष्ट किया कि "युद्ध विराम से बेहतर" से उनका क्या मतलब था। बीबीसी ने ट्रंप के हवाले से कहा, एक वास्तविक अंत। युद्ध विराम नहीं। एक अंत। उनकी टिप्पणी चल रहे संघर्ष को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंता और कूटनीतिक जरूरत के बीच आई है, जिसने दोनों देशों में सैकड़ों लोगों की जान ले ली है और तेल बाजारों को हिला दिया है। ट्रंप के बयान से कयास लग रहे हैं कि क्या अमेरिका और इजराइल, ईरान को लेकर कोई बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं।

ट्रंप बोले, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता

अमेरिकी स्थिति और इजराइल को दी गई मदद के बारे में और अधिक पूछे जाने पर, ट्रंप ने कहा, अभी, हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। याद रखें, ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता। इस बीच, समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि वह ईरान से कूटनीतिक रूप से जुड़ने के लिए उप राष्ट्रपति जेडी वेंस या मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ जैसे वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों को भेज सकते हैं। ट्रंप ने इजरायल के निरंतर हमले का संकेत दिया। सीबीएस के एक पत्रकार ने ट्रंप के हवाले से कहा, आपको अगले दो दिनों में पता चल जाएगा। आपको पता चल जाएगा। अभी तक किसी की गति धीमी नहीं हुई है।

ट्रंप की चेतावनी के बीच ईरान पर इजरायल के हमले बढ़े

इजराइल और ईरान के बीच पांचवें दिन भी संघर्ष जारी है और ऐसा लगता है कि इजराइल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए हैं। इन हालात के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान के लोगों को शहर खाली करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कनाडा में जारी जी-7 शिखर सम्मेलन को बीच में ही छोड़कर वाशिंगटन रवाना होने से पहले सोमवार रात को एक संदेश में लिखा, ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। सभी को तेहरान तुरंत खाली कर देना चाहिए।

ट्रंप बोले, युद्धविराम के लिए नहीं लौट रहा अमेरिका

ट्रंप ने बाद में उन रिपोर्ट का खंडन किया कि वह युद्धविराम पर काम करने के लिए वाशिंगटन वापस लौट रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके जल्दी वापस लौटने का युद्धविराम से कोई लेना-देना नहीं है। यह उससे कहीं बड़ी बात है। हालांकि उन्होंने इस बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी। तेहरान में करीब एक करोड़ लोग रहते हैं। दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर जाना शुरू कर दिया था।

ईरान में 224, इजराइल में 24 की मौत

इजराइल का कहना है कि ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों, परमाणु वैज्ञानिकों, यूरेनियम संवर्धन स्थलों और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर उसका व्यापक हमला ईरान को परमाणु हथियार बनाने के और करीब आने से रोकने के लिए जरूरी है। शुक्रवार से अब तक हुए हमलों में कम से कम 224 लोग मारे गए हैं। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल पर 370 से ज़्यादा मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दागे हैं। इन हमलों में अब तक इजराइल में 24 लोग मारे गए हैं और 500 से ज़्यादा घायल हुए हैं। इस बीच इजराइली सेना ने कहा कि मंगलवार को फिर से मिसाइलें छोड़ी गईं। इस बीच ईरान की राजधानी में दुकानें बंद हैं और गैस के लिए कतारें लगी हैं।

खाली होने लगा तेहरान, ग्रैंड बाजार भी बंद

तेहरान का पुराना इलाका मंगलवार सुबह से ही खाली होने लगा और कई दुकानें बंद रहीं। शहर का प्राचीन ‘ग्रैंड बाज़ार’ भी बंद रहा। ऐसा पहले सिर्फ़ सरकार विरोधी प्रदर्शनों या कोरोना वायरस महामारी के चरम पर ही हुआ था। तेहरान से पश्चिम की ओर जाने वाली सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति देखी गई। कई लोग कैस्पियन सागर क्षेत्र की ओर जाते दिखाई दिए। तेहरान में पेट्रोल पंपों पर भी लंबी कतारें देखी गईं। ईरान सरकार के अधिकारी लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि सब कुछ नियंत्रण में है और उन्होंने जनता को इस संबंध में कोई दिशा-निर्देश नहीं दिया कि उन्हें क्या करना चाहिए। इस बीच इजराइली सेना ने तेहरान पर हमले में ईरान के शीर्ष जनरल अली शादमानी को मारने का दावा किया है। लेकिन ईरान ने जनरल की हत्या पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की है।

End of Article