America-Russia Nuclear Talks: अमेरिका-रूस परमाणु समझौते की बृहस्पतिवार को समाप्ति के मद्देनजर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मौजूदा समझौते (जिसे न्यू स्टार्ट संधि के नाम से जाना जाता है) को आगे बढ़ाने के बजाय एक नए और मजबूत समझौते की मांग कर रहे हैं। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'न्यू स्टार्ट' (संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किया गया एक खराब समझौता, जिसका अन्य बातों के अलावा घोर उल्लंघन हो रहा है) को आगे बढ़ाने के बजाय, हमें अपने परमाणु विशेषज्ञों को एक नई, बेहतर और आधुनिक संधि पर काम करने के लिए कहना चाहिए जो भविष्य में लंबे समय तक चल सके।'
परमाणु समझौते को बढ़ाना चाहते थे पुतिन, ट्रंप ने ठुकरा दिया प्रस्ताव
ट्रंप ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है, जिसमें दो दशकों से ज्यादा समय तक रणनीतिक परमाणु हथियारों की तैनाती पर रोक लगाने वाली संधि के खत्म होने के बाद इस रोक को आगे बढ़ाने की बात कही गई थी। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा, 'न्यू START को बढ़ाने के बजाय... हमें अपने न्यूक्लियर एक्सपर्ट्स से एक नई, बेहतर और मॉडर्न ट्रीटी पर काम करवाना चाहिए जो भविष्य में लंबे समय तक चल सके।'
न्यू START, जिस पर 2010 में साइन किए गए थे और 2021 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और पुतिन ने इसे पांच साल के लिए बढ़ाया था, यह हर पक्ष को 1,550 तैनात स्ट्रेटेजिक वॉरहेड तक सीमित करता है और लॉन्चर और मिसाइलों की संख्या तय करता है। इसके खत्म होने से, पांच दशकों से ज्यादा समय में पहली बार, अमेरिका और रूस के न्यूक्लियर हथियारों पर कोई बाध्यकारी रोक नहीं रहेगी।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि संधि खत्म होने से दोनों देशों के बीच हथियारों की एक ऐसी होड़ शुरू हो जाएगी जो पहले कभी नहीं देखी गई। वहीं, अमेरिका में कुछ लोगों का कहना है कि इस समझौते की वजह से वॉशिंगटन रूस और चीन दोनों से होने वाले न्यूक्लियर खतरों को रोकने के लिए काफी हथियार तैनात नहीं कर पाया।
पुतिन ने क्या ऑफर दिया?
ट्रंप पुतिन के उस प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे जिसमें 2010 के समझौते के तहत 700 डिलीवरी सिस्टम, मिसाइलों, विमानों और पनडुब्बियों पर 1,550 वॉरहेड की सीमा को एक साल तक बनाए रखने की बात कही गई थी।
संधि के खत्म होने के साथ, 50 से ज्यादा सालों में पहली बार दुनिया के दो सबसे बड़े परमाणु हथियारों के जखीरे पर बची हुई आखिरी सीमाएं हटा दी गई हैं। ट्रंप पहले कह चुके हैं कि वह किसी न किसी रूप में परमाणु हथियार बनाए रखने के पक्ष में हैं, लेकिन उन्होंने तर्क दिया है कि किसी भी भविष्य के समझौते में चीन को भी शामिल किया जाना चाहिए।
'बातचीत के लिए तैयार'
इस बीच, क्रेमलिन ने संकेत दिया है कि रूस अमेरिका के साथ संधि पर बातचीत करने के लिए तैयार है, लेकिन तभी जब ट्रंप पुतिन के प्रस्ताव पर सकारात्मक जवाब दें। प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने पत्रकारों से कहा, 'देखिए, अगर कोई रचनात्मक जवाब मिलता है, तो बेशक हम बातचीत करेंगे।' संयुक्त राष्ट्र ने दोनों पक्षों से संधि को बहाल करने का आग्रह किया है।
