दुनिया

पुतिन ने अपने सरकारी आवास पर की प्रधानमंत्री मोदी से निजी मुलाकात, जमकर पढ़े तारीफ में कसीदे

यूक्रेन पर मॉस्को का आक्रमण शुरू होने के बाद रूस की पहली यात्रा के तहत यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मंगलवार को शिखर वार्ता करेंगे।

Image

मोदी-पुतिन मुलाकात

Putin Welcomes PM Modi: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने सरकारी आवास ‘नोवो-ओगरियोवो’ पर एक निजी मुलाकात की और जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने देश के विकास के लिए किए गए कार्यों के लिए पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। सरकारी समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के मुताबिक, आवास पर अनौपचारिक बैठक के दौरान पुतिन ने मोदी से कहा, मैं आपको दोबारा प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई देना चाहता हूं। मुझे लगता है कि यह कोई इत्तेफाक नहीं है, बल्कि आपके कई वर्षों के काम का नतीजा है।

पुतिन ने दिल खोलकर की मोदी की तारीफ

रूस के राष्ट्रपति ने कहा, आपके अपने विचार हैं। आप बहुत ऊर्जावान व्यक्ति हैं, जो भारत और भारतीय लोगों के हित में नतीजे हासिल करने में सक्षम हैं। पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना पूरा जीवन अपने लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया है और लोग इसे महसूस कर सकते हैं। मॉस्को के बाहर सरकारी आवास पर चाय के दौरान दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच अनौपचारिक बैठक के दौरान मोदी ने अपने देश में हुए हालिया चुनावों को याद करते हुए कहा कि भारत के लोगों ने उन्हें मातृभूमि की सेवा करने का मौका दिया है।

पीएम बोले, मेरा एक ही लक्ष्य...

इस पर पुतिन ने कहा, आपने अपना पूरा जीवन भारतीय लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया है और वे इसे महसूस कर सकते हैं। तास की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा, आप सही कह रहे हैं, मेरा एक ही लक्ष्य है - मेरा देश और इसकी जनता। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में नोवो-ओगरियोवो में उनकी मेजबानी के लिए राष्ट्रपति पुतिन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, हमारी कल होने वाली वार्ता का भी बेसब्री से इंतजार है, जो निश्चित रूप से भारत और रूस के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने में अहम साबित होगी।

दो करीबी मित्रों की बैठक

इससे पहले, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक्स पर लिखा, यह दो करीबी मित्रों और विश्वसनीय साझेदारों की बैठक थी। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए मंत्रालय ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने निजी मुलाकात के लिए नोवो-ओगरियोवो स्थित अपने सरकारी आवास पर स्वागत किया। इसने कहा कि यह दोनों नेताओं के लिए भारत-रूस मैत्री का जश्न मनाने का अवसर है।

दोनों नेता आज करेंगे शिखर वार्ता

यूक्रेन पर मॉस्को का आक्रमण शुरू होने के बाद रूस की पहली यात्रा के तहत यहां पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मंगलवार को शिखर वार्ता करेंगे। इस यात्रा को व्यापक भू-राजनीतिक संदर्भ और संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मॉस्को पहुंचने के तुरंत बाद मोदी ने कहा कि वह भविष्य के क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के लिए उत्सुक हैं और भारत और रूस के बीच मजबूत संबंधों से हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा। प्रधानमंत्री ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि भारत शांतिपूर्ण और स्थिर क्षेत्र के लिए सहायक भूमिका निभाना चाहता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article